यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, ऑटो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,
दो की मौत, पांच घायल
16 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना एत्मादपुर क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब सवारियों से भरे एक ऑटो को पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात बड़े वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
तेरहवी से लौट राहे थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो सवार सभी लोग आगरा के ताजगंज क्षेत्र के तोरा इलाके के निवासी थे। ये लोग खंदौली के दाऊजी क्षेत्र से तेरहवीं संस्कार भोज कर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर बारिश की वजह से ऑटो चालक ने वाहन की गति धीमी कर दी, तभी पीछे से आ रहे किसी बड़े वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी।
2 की मौत 5 घायल
हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
CCTV खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है। घटना ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।