विराट-अनुष्का पहुंचे अयोध्या, किए रामलला के दर्शन, हनुमानगढ़ी में चढ़ाया लड्डु,
मंदिर की मूर्तियों और नक्काशी के बारे में की चर्चा
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Virat Kohli Anushka Sharma: भारत के मशहूर क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा रविवार सुबह अचानक अयोध्या पहुंचे। दोनों सुबह 7 बजे रामलला मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। वहां करीब आधे घंटे तक रुके। राम दरबार में उन्होंने दर्शन किए और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान पुजारियों से राम मंदिर की मूर्तियों और नक्काशी के बारे में जानकारी भी ली। रामलला के दर्शन के बाद दोनों हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 20 मिनट तक पूजा-पाठ किया। विराट और अनुष्का लखनऊ से कार द्वारा अयोध्या आए थे। मीडिया से दूर रहते हुए उन्होंने चुपचाप दर्शन किए। इसके बाद वे फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
विराट ने चढ़ाए सवा किलो लड्डू
सुबह 8 बजे दोनों हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हनुमान जी को प्रणाम किया। विराट कोहली ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला चढ़ाई। वे कुछ देर तक हाथ जोड़कर खड़े रहे। मंदिर के पुजारी ने उन्हें सफेद और लाल फूलों की मालाएं पहनाईं। सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद भी दिया। अनुष्का शर्मा को पीली मालाएं पहनाई गईं। फिर महंत ने दोनों को शॉल ओढ़ाई और आशीर्वाद दिया।
संन्यास के बाद पहुंचे वृंदावन
13 मई को विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। अगले ही दिन वे अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे थे। वहां प्रेमानंद महाराज से मिले और आशीर्वाद लिया। महाराज ने जब उनसे पुछा कि क्या तुम प्रशन्न हो तब विराट ने मुस्कुराते हुए हां में जवाब दिया। विराट और अनुष्का वहां 2 घंटे 20 मिनट तक रहे। पूरे आश्रम का काम देखा। महाराज ने उन्हें चुनरी भेंट की और कहा कि नाम जपते रहो, सब कुछ पूरा हो जाएगा।
लखनऊ में खेला था IPL मैच
23 मई को विराट ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में IPL मैच खेला था। उनकी टीम RCB को सनराइजर्स हैदराबाद से हार मिली। कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए थे। उनका अगला मैच 27 मई को फिर लखनऊ में ही होगा। विराट और अनुष्का की यह यात्रा आध्यात्मिक रही। दोनों ने शांति और ऊर्जा के लिए मंदिरों में समय बिताया।