वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी के छह नए सदस्य निर्विरोध चुने गए,
सपा ने ली कांग्रेस की जगह
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: वाराणसी नगर निगम की कार्यकारिणी में छह नए सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। यह चुनाव शुक्रवार को उस समय हुआ जब कार्यकारिणी के 12 में से 6 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया। चुनाव की खास बात यह रही कि सभी छह पदों के लिए केवल छह ही नामांकन आए, जिनमें से किसी का भी विरोध नहीं हुआ। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया। इस बार कांग्रेस को कार्यकारिणी से बाहर होना पड़ा, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक सीट हासिल कर ली है।
भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद निर्विरोध चुने गए
भाजपा के पांच नए सदस्यों में पांडेयपुर वार्ड नंबर-30 के पार्षद अशोक कुमार मौर्या, काजीपुरा वार्ड नंबर-77 के पार्षद प्रवीण राय, कंदवा वार्ड नंबर-19 की पार्षद सुशीला, सरायनंदन वार्ड नंबर-28 के पार्षद मदन मोहन और नगवा वार्ड नंबर-22 की पार्षद माधुरी सिंह शामिल हैं। वहीं सपा की ओर से पहाड़िया वार्ड नंबर-46 के पार्षद राजकपूर चौधरी उर्फ अजय चौधरी को चुना गया है।
कार्यकारिणी में बदला समीकरण
गौरतलब है कि नगर निगम की कार्यकारिणी में कुल 12 सदस्य होते हैं, जिनमें अभी तक भाजपा के 9, सपा के 2 और कांग्रेस का 1 सदस्य था। इस बार भाजपा के पांच और कांग्रेस के एक सदस्य का कार्यकाल समाप्त हुआ था। अब कांग्रेस की जगह सपा ने ले ली है।
नगर निगम चुनाव में पीएम मोदी भी बने मतदाता
चुनाव प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक मतदाता के रूप में शामिल होते हैं। उनके साथ सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव और सुनील पटेल, एमएलसी दयाशंकर मिश्रा, हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, आशुतोष सिन्हा और अन्नपूर्णा सिंह भी वोट डालने के हकदार हैं। सभी को पार्टी की ओर से मतदान के लिए सूचना भेजी गई थी। चुनाव अधिकारी ने बताया कि यदि 6 सीटों के लिए 6 से अधिक आवेदन आते, तो मतदान की आवश्यकता होती, लेकिन इस बार सभी सदस्य निर्विरोध चुने गए। इस प्रक्रिया के बाद कार्यकारिणी को फिर से पूर्ण कर दिया गया है।