UP Police Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश में 24 हजार पदों पर पुलिस भर्ती की तैयारी,
पहले SI और फिर कांस्टेबल पद होंगी भर्तियां
1 months ago
Written By: STATE DESK
उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। जो अभ्यर्थी लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहे थे, उनके लिए यह खबर राहत भरी है। सरकार ने वर्ष 2025 में करीब 24,000 पदों पर पुलिस भर्ती कराने का फैसला किया है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
दो चरणों में होगी भर्ती प्रक्रिया
इस भर्ती के तहत पहले दारोगा (सब इंस्पेक्टर) और फिर सिपाही (कांस्टेबल) के पदों को भरा जाएगा। डीजीपी मुख्यालय से भर्ती का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड को भेज दिया गया है।
पहले चरण में: भर्ती बोर्ड 4543 दारोगा पदों के लिए प्रक्रिया शुरू करेगा।
दूसरे चरण में: 19220 सिपाही व समकक्ष पदों पर भर्ती की जाएगी।
जल्द जारी होगा भर्ती नोटिफिकेशन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड जल्द ही इस भर्ती से जुड़ी आधिकारिक अधिसूचना (Notification) जारी करेगा। इसमें इन पदों से संबंधित शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन तिथि, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया जैसी सारी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी। दरअसल, पहले बोर्ड ने घोषणा की थी कि यह भर्ती अप्रैल के तीसरे सप्ताह में शुरू की जाएगी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से यह प्रक्रिया टल गई। अब उम्मीद है कि जल्द ही भर्ती शुरू होगी।
दारोगा भर्ती में उम्र सीमा में राहत
प्रदेश सरकार ने दारोगा भर्ती के लिए एक और बड़ा फैसला लिया है। अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह राहत उन उम्मीदवारों के लिए है जो पिछली कुछ भर्तियों में उम्रसीमा पार कर चुके थे और अब इस बार पुनः प्रयास कर सकेंगे।