मुख्यमंत्री योगी का ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान,
कहा- 204 करोड़ पौधों से हरित हुआ उत्तर प्रदेश
17 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या धाम के सरयू तट स्थित त्रिवेणी वाटिका में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान 2025 के तहत बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस विशेष अवसर को भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित करते हुए उन्होंने इसे सेवा और श्रद्धा का प्रतीक बताया।
हमने हीटवेव को ग्रीनवेव में बदला
वहीं, मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश में 204 करोड़ पौधे रोपे गए, जिनमें से 75% पौधे जीवित हैं। इससे 5 लाख एकड़ भूमि में वनाच्छादन बढ़ा है, जिससे प्रदेश में हरियाली के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि, “हमने हीटवेव को ग्रीनवेव में बदला है। ये प्रयास हमारे वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।”
पेड़ों को बताया जीवनदायिनी
मुख्यमंत्री योगी ने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु का हवाला देते हुए कहा कि पेड़ भी जीवित होते हैं और ये छाया, फल, मृदा संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने खास अवसर जैसे जन्मदिन या शादी की सालगिरह पर पेड़ लगाएं और धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।
जलवायु परिवर्तन को बताया वैश्विक संकट
मुख्यमंत्री ने जलवायु संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अतिवृष्टि, अनावृष्टि और बादल फटने जैसी आपदाएं अनियोजित विकास का परिणाम हैं। उन्होंने अमेरिका के टेक्सास में आई अचानक बाढ़ का जिक्र करते हुए वैज्ञानिक और नियोजित विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
किसानों को हुआ आर्थिक लाभ
पौधरोपण अभियान के तहत किसानों को भी लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्बन फाइनेंसिंग के माध्यम से किसानों को प्रति पौधा 6 डॉलर तक की सहायता दी जा रही है। पिछले साल 25,000 किसानों को इसका लाभ मिला और इस साल 42 लाख रुपये का कार्बन क्रेडिट किसानों को दिया जाएगा।
अयोध्या का हुआ कायाकल्प
सीएम योगी ने कहा कि जो अयोध्या कभी वीरान थी, वह आज त्रेतायुगीन वैभव की ओर अग्रसर है। उन्होंने इसे देश की पहली सोलर सिटी बनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों की चर्चा की। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मियावाकी जंगल और तिलोदकी नदी का पुनरुद्धार जैसे कार्य इस परिवर्तन के उदाहरण हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के विजन को बताया प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरणीय विजन की सराहना की और कहा कि सिलेंडर योजना, LED लाइट और सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक जैसे प्रयास धरती मां की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में यह वृक्षारोपण विशेष महत्व रखता है।
विशाल सहभागिता और सम्मान
इस अभियान में आमजन, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पौधरोपण में योगदान देने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।
ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
वहीं इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, डॉ. अरुण कुमार, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायकगण वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग इस आयोजन में उपस्थित रहे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि "सायंकाल 7 बजे तक चलने वाले इस अभियान में भाग लें और इस हरित यज्ञ का हिस्सा बनें।"