लखनऊ से शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान,
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया आगाज
25 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो गई है। राजधानी लखनऊ में इस अभियान का शुभारंभ खुद राज्य के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने लोगों को जागरूक करने के लिए फील्ड में उतरकर अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से सीएमओ और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ पैदल मार्च किया। हाथों में बैनर लेकर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतें और सरकार की ओर से दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
13 विभाग मिलकर चलाएंगे विशेष अभियान
ब्रजेश पाठक ने बताया कि यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा और इसमें राज्य के 13 विभाग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान साल में तीन बार चलाया जाता है और इसका मुख्य उद्देश्य है लोगों को जागरूक करना ताकि बीमारियों को फैलने से पहले रोका जा सके। विशेष रूप से मच्छर जनित रोग जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया पर इस बार अधिक फोकस रहेगा।
घर-घर जाकर ORS और दवाएं बांटेगी मेडिकल टीम
अभियान के दौरान मेडिकल टीम घर-घर जाकर लोगों को ORS पाउडर, जरूरी दवाएं और जानकारी प्रदान करेगी। साथ ही संक्रमित लोगों को समय पर इलाज भी उपलब्ध कराया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि सभी विभाग मिलकर अगर जिम्मेदारी से काम करें, तो डेंगू और मलेरिया जैसे खतरनाक रोगों को पूरी तरह से रोका जा सकता है। उन्होंने जनता से भी सहयोग की अपील की और कहा कि केवल सरकार के प्रयास से नहीं, बल्कि सभी की भागीदारी से ही इस लड़ाई में जीत मिल सकती है।
प्रदेशभर में एक साथ शुरू हुआ संचारी रोग अभियान
इस अभियान को जिन 13 विभागों की संयुक्त भागीदारी से चलाया जा रहा है, उनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, चिकित्सा शिक्षा, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यान और सूचना विभाग शामिल हैं। यह अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ चलाया जा रहा है।