सपा कार्यकर्ता की ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी,
सोशल मीडिया पर रोष
21 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र से समाज में तनाव फैलाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता रणदीप गुप्ता उर्फ विक्की गुप्ता द्वारा ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किए जाने से सोशल मीडिया पर जबरदस्त नाराजगी फैल गई है।
फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल
जानकारी के मुताबिक, रणदीप गुप्ता ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक बेहद आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की, जिसमें उसने लिखा है कि, "भारत के संविधान की क्या पहचान, भंगी और ब्राह्मण एक समान"। इस टिप्पणी को न केवल ब्राह्मण समाज के अपमान के तौर पर देखा जा रहा है, बल्कि इसे भारतीय संविधान की गरिमा के खिलाफ सीधा हमला भी माना जा रहा है।
माहौल बिगाड़ने की कोशिश
वहीं, रणदीप गुप्ता की इस पोस्ट को लेकर ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समुदाय के लोगों ने इसे शांतिपूर्ण सामाजिक माहौल को जानबूझकर बिगाड़ने की साजिश बताया है।
सख्त कार्रवाई की मांग
वहीं, ब्राह्मण समाज के नेताओं और संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि, रणदीप गुप्ता के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
सपा कार्यकर्ता के रूप में पहचान
वहीं, बताया जा रहा है कि रणदीप गुप्ता मलिहाबाद का निवासी है और लंबे समय से समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता भी है। इस बात को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
रणदीप की यह आपत्तिजनक पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले को सांप्रदायिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों पर हमला बताया है।