सिद्धार्थनगर में ₹5000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया कानूनगो,
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बड़ी कार्रवाई
1 months ago
Written By: संदीप शुक्ला
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक बार फिर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां इटवा तहसील में तैनात कानूनगो सुनील कुमार श्रीवास्तव को जमीन की पैमाइश के लिए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती मंडल की टीम द्वारा की गई है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बबलू चौहान ने कानूनगो सुनील कुमार श्रीवास्तव पर आरोप लगाया था कि, उसने उसकी जमीन की कच्ची पैमाइश कराने के एवज में ₹5000 की रिश्वत की मांग की थी। बबलू चौहान ने इस मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती इकाई से की थी।
चाय की दुकान पर हुई गिरफ्तारी
जिसके बाद, इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने इटवा तहसील गेट के बाहर एक चाय की दुकान पर जाल बिछाया। जैसे ही कानूनगो ने ₹5000 की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
विधिक कार्यवाही शुरू
गिरफ्तारी के बाद आरोपी कानूनगो को बांसी कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता बबलू चौहान ने बताया है कि, उसने जब जमीन की पैमाइश की प्रक्रिया शुरू कराई, तो कानूनगो ने बिना रिश्वत लिए कोई काम करने से इनकार कर दिया। मजबूरी में उसे संगठन से संपर्क करना पड़ा।