RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल पर रेप का आरोप, युवती ने कहा- शादी का वादा कर बनाए संबंध,
गिरफ्तारी की तैयारी में पुलिस
18 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Yash Dayal: गाजियाबाद की एक युवती ने आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल पर रेप का गंभीर आरोप लगाया है। युवती ने दावा किया कि यश ने शादी का झांसा देकर उसके साथ 5 साल तक शारीरिक संबंध बनाए और फिर शादी से इनकार कर दिया। इस मामले में सोमवार देर शाम गाजियाबाद पुलिस ने यश दयाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने युवती के साथ दिल्ली, बेंगलुरु और प्रयागराज में समय बिताया और सोशल मीडिया के साथ-साथ हर जगह अब ब्लॉक करके अलग हो गया।
2019 में शुरू हुई दोस्ती
पीड़ित ने बताया कि उसकी यश दयाल से पहली बार 2019 में इंस्टाग्राम पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यश ने शादी करने की बात कही। युवती का दावा है कि यश उसे बेंगलुरु में साथ रखता था, अपने घरवालों से मिलवाता था और कई बार दिल्ली व प्रयागराज भी ले गया। लड़की के अनुसार, जब भी वह शादी की बात करती, यश दयाल कहते कि अभी करियर पर फोकस करना है। लेकिन एक महीने पहले उन्होंने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वॉट्सऐप से उसे ब्लॉक कर दिया। युवती का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो यश ने उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने CM योगी से लगाई थी गुहार
21 जून को पीड़िता ने IGRS पोर्टल पर शिकायत की और 25 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए फोटो और पोस्ट साझा की। उसने खुद को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से असहाय बताया। युवती ने चैट, वीडियो कॉल्स और स्क्रीनशॉट जैसे सबूत भी पुलिस को शौंप दिए हैं।

पुलिस की जांच शुरू गिरफ्तारी संभव
गाजियाबाद के एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि यश दयाल पर BNS की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट और 164 के तहत कोर्ट में बयान कराया जाएगा। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी कभी भी की जा सकती है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं यश दयाल
यश दयाल 2023 में उस समय चर्चा में आए थे जब KKR के रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में 5 छक्के लगाए थे। इसके अलावा, 2 साल पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कथित मुस्लिम विरोधी स्टोरी भी पोस्ट की थी, जिसे बाद में डिलीट कर सफाई दी थी।
IPL करियर में दो बार बने चैंपियन
प्रयागराज के रहने वाले यश दयाल अब तक IPL में 43 विकेट ले चुके हैं। वे 2022 में गुजरात टाइटंस और 2025 में RCB के लिए चैंपियन बन चुके हैं। 2024 में उन्होंने धोनी का अहम विकेट लेकर टीम को प्लेऑफ में पहुंचाया था। इसी प्रदर्शन के चलते RCB ने उन्हें 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। 2025 में उन्होंने 15 मैचों में 13 विकेट लिए।