सपा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर टायर से हमला,
बुलंदशहर जाते समय अलीगढ़ में हुई घटना,
2 months ago Written By: STATE DESK
Ramjilal Suman Convoy Attack: राणा सांगा विवाद के बीच करणी सेना और सपा सांसद रामजीलाल सुमन एक बार फिर आमने-सामने हैं। यहां अलीगढ़ में सांसद सुमन के काफिले पर हमला हुआ है। इस दौरान उनके काफिले पर टायर फेंके गए। पूरी घटना गभाना टोल प्लाजा के समीप की बताई जा रही है। आरोप लग रहे हैं कि यहां बड़ी संख्या में एकत्रित करणी सेना और क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने काफिले पर हमला कर दिया और टायर फेंके, जिससे काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जिसके बाद सांसद ने इसे दलितों पर अत्याचार करार दिया है।
दलितों पर बढ़ा अत्याचार: सुमन घटना के समय रामजीलाल सुमन खुद भी काफिले में मौजूद थे। हमले के बाद सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस प्रशासन ने टोल पर रोक दिया और इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि, "बुलंदशहर में दलितों के उत्पीड़न की छह घटनाएं हुई हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार की बाढ़ सी आ गई है। नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं, बारातें रोकी जा रही हैं और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ी जा रही हैं।"
घटना के बाद पुलिस ने वापस भेजा इस घटना के बाद अलीगढ़ पुलिस ने सांसद रामजीलाल सुमन को सुरक्षा के तहत वापस आगरा भेजा। पुलिस उन्हें अलीगढ़ सीमा से बाहर ले जाकर हाथरस सीमा पर छोड़कर लौटी। बताया जा रहा है कि हाल ही में सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद यह हमला हुआ।