अयोध्या दर्शन के बाद सूरत लौट रहे परिवार की डिवाइडर से टकराई कार,
झपकी बनी हादसे की वजह, 4 की मौत, 3 घायल
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह उस वक्त हुआ, जब सूरत लौट रही एक एक्सयूवी 500 कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी थे और सूरत में काम करते हैं। वे अयोध्या दर्शन कर गांव से सूरत लौट रहे थे। हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है।
दो महिलाओं ने अस्पताल में तोड़ा दम
दरअसल, हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। अनमोल दुबे (16) और प्रियांशु पांडे (11) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमिला पांडे (55) और शिवदेवी तिवारी (45) ने शाजापुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में भोलेनाथ दुबे, उनकी बेटी अंशिका दुबे (14) और पत्नी पुष्टम दुबे घायल हुए हैं। सभी को पहले पचोर अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया। कार चला रहे भोलेनाथ दुबे, जो इस हादसे में घायल हैं, परिवार सहित दो गाड़ियों में सूरत लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही दूसरी कार में यात्रा कर रहे परिजन अस्पताल पहुंचे और जानकारी दी कि सभी लोग अयोध्या दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में एक ढाबे पर चाय पी, जिसके एक घंटे बाद यह हादसा हो गया।
दरवाजा तोड़कर घायलों को निकाला
हादसे के बाद अहमदाबाद जा रहे एक एम्बुलेंस चालक यग्नेश भाई रावल और कुछ ट्रक चालकों ने मिलकर कार का दरवाजा तोड़ा और अंदर फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। पचोर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
शाजापुर अस्पताल में जारी है घायलों की चिकित्सा
शाजापुर जिला अस्पताल के डॉक्टर दीपक पाटीदार ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। यह हादसा न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव और समाज के लिए गहरा सदमा है। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।