राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह का हाई वोल्टेज ड्रामा,
लखनऊ में अपार्टमेंट के बाहर देर रात हंगामा
24 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के हाई वोल्टेज ड्रामे का मामला चर्चा में है। जहां सोमवार की देर रात लखनऊ के एक अपार्टमेंट के बाहर भानवी सिंह ने हंगामा कर दिया। जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
भीड़ जमा, लोगों ने बनाए वीडियो
स्थानीय लोगों के अनुसार, भानवी लखनऊ अपनी माँ से मिलने पहुंचीं थीं और जब परिवार के लोगों के दरवाजा नहीं खोला तो उनका पारा चढ़ गया। जिसके बाद उन्होंने वहां पहले तो एक घंटे तक इंतजार किया और फिर वहां जमकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान अपार्टमेंट के बाहर काफी भीड़ जुट गई थी। मामला बिगड़ता देख उनकी बहन को पुलिस को कॉल करनी पड़ी। सूचना मिलते ही हजरतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 12 बजे किसी तरह समझा-बुझाकर भानवी को शांत कर घर वापस भेजा गया। मौके पर मौजूद कई लोग वीडियो बनाते नजर आए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई थी।
राजा भैया से तलाक की प्रक्रिया जारी
दरअसल, भानवी सिंह पिछले कुछ वर्षों से राजा भैया से अलग दिल्ली में रह रही हैं। नवंबर 2022 में उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी। अर्जी में उन्होंने पति पर मानसिक और शारीरिक क्रूरता के आरोप लगाए और दावा किया कि राजा भैया के अवैध संबंध भी हैं।
कौन हैं भानवी सिंह?
दरअसल भानवी सिंह उत्तर प्रदेश के बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। वे कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं और 10 जुलाई 1974 को बस्ती में जन्मी थीं। उनकी पढ़ाई बस्ती और लखनऊ में हुई। साल 1995 में उनका विवाह भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से हुआ था। राजा भैया और भानवी सिंह के चार बच्चे हैं। जिनमे दो बेटे: शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां, राघवी व बृजेश्वरी सिंह। शुरुआती वर्षों में उनका दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ सालों से रिश्तों में खटास आ गई और भानवी दिल्ली में रहने लगीं।
पहले भी दर्ज करा चुकी हैं FIR
बताते चलें कि, करीब चार महीने पहले भी भानवी सिंह ने अपने पति राजा भैया के खिलाफ दिल्ली में एक FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजा भैया उन्हें कई वर्षों से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। भानवी ने मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है और उन्होंने सुरक्षा की मांग की थी। इस पूरे मामले की अगली सुनवाई अब कोर्ट में होगी, लेकिन सार्वजनिक हंगामे के चलते विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।