प्रयागराज में यमुना पुल से प्रेमी-प्रेमिका ने लगाई छलांग,
बैग में मिला लड़की का सर्टिफिकेट, रेस्क्यू जारी
14 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: प्रयागराज में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। नैनी के नए यमुना पुल से एक युवक और युवती ने एक साथ छलांग लगा दी। देखते ही देखते दोनों यमुना के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत आवाज लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे पुल से कूद चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
बैग में मिला लड़की का प्रमाण पत्र
जहां से दोनों ने छलांग लगाई, ठीक उसी जगह एक बैग पानी में उतराता हुआ मिला। बैग में एक डायरी और कुछ दस्तावेज थे। इसमें लड़की का 10वीं का प्रमाण पत्र मिला, जिस पर नाम ज्योति गुप्ता लिखा था। पता मेजा तहसील के सिरसा गांव का दर्ज था। पुलिस ने दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है और इसी आधार पर युवती और युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे एक लड़का और लड़की नैनी पुल की रेलिंग पर आकर बैठ गए थे। कुछ लोगों को शक हुआ कि वे कुछ गलत करने जा रहे हैं। उन्होंने आवाज लगाकर हटने को कहा, लेकिन उससे पहले ही दोनों ने छलांग लगा दी। यह सब कुछ बहुत तेजी से हुआ।
जल पुलिस कर रही सर्च ऑपरेशन
जल पुलिस के इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ के नेतृत्व में गोताखोरों की टीम ने नदी में कई घंटों तक तलाश की, लेकिन अभी तक दोनों की बॉडी नहीं मिल सकी है। बैग और दस्तावेजों को कीडगंज पुलिस को सौंप दिया गया है। परिवार तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जब तक शव नहीं मिलते, रेस्क्यू जारी रहेगा।