प्रयागराज में बड़े हनुमान मंदिर में पहुँचा गंगा-यमुना का पवित्र जल,
शुभ मानी जाती है घटना
11 days ago
Written By: STATE DESK
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित ऐतिहासिक बड़े हनुमान मंदिर में मंगलवार, 15 जुलाई 2025 को एक बार फिर गंगा और यमुना नदियों का पवित्र जल गर्भगृह तक पहुँच गया। दोपहर बाद बढ़ते जलस्तर के चलते गंगा और यमुना का संगम जल मंदिर में प्रवेश कर गया, जिसे परंपरागत रूप से शुभ संकेत माना जाता है।
अभिषेक करने आई गंगा और यमुना
हर वर्ष की भांति इस बार भी माना जा रहा है कि मां गंगा और यमुना स्वयं बड़े हनुमान जी को अभिषेक कराने आई हैं। इस पावन क्षण पर मंदिर में विधिवत पूजन, आरती, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। मंदिर के महंत बालवीर गिरी द्वारा विशेष पूजा संपन्न की गई और देश-प्रदेश के कल्याण की कामना की गई।
जलमग्न हुआ गर्भ गृह
गंगा का जलस्तर 80.97 मीटर और यमुना का 81.54 मीटर तक पहुँच चुका है, जिसके कारण मंदिर का गर्भगृह जलमग्न हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर के कपाट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, लेकिन श्रद्धालु मंदिर के बाहर से ही दर्शन-पूजन कर रहे हैं। हालांकि, इस वर्ष की बाढ़ के कारण मंदिर कॉरिडोर का दूसरे फेज का निर्माण कार्य भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।