नोएडा की प्रिया शर्मा से खुशबू खातून तक, प्रेम जाल में फंसी महिला का जबरन धर्म परिवर्तन,
जानें पूरी बात
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला को प्रेम जाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। यह घटना सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी गांव की रहने वाली महिला के साथ हुई। 6 वर्षीय बच्चे की मां को आरोपी युवक ने फंसा कर धर्म परिवर्तन करवा दिया और निकाह भी कर लिया। हाईकोर्ट के आदेश पर थाना फेस-3 पुलिस ने महिला को तमिलनाडु के चेन्नई से बरामद किया। नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा मियां उर्फ एहसान हुसैन और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हाईकोर्ट के आदेश पर महिला की बरामदगी
महिला ने पिछले महीने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को आरोपी राजा मियां और जहीर बाबू उनकी बेटी प्रिया शर्मा को ले गए और उसे बंधक बना लिया। महिला ने डर जताया कि बेटी के साथ अनहोनी हो सकती है। हाईकोर्ट ने पुलिस को महिला को ढूंढकर 8 सितंबर तक पेश करने का आदेश दिया।
जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह
पुलिस ने जांच में पाया कि बिहार के सीवान के रहने वाले राजा मियां ने धोखे और धमकी से प्रिया शर्मा का धर्म परिवर्तन करवा दिया। उसका नाम बदलकर खुशबू खातून रखा गया और दोनों ने 1 मई 2025 को बहरामपुर गांव में निकाह भी कर लिया। निकाहनामे में प्रिया शर्मा के पिता का नाम फर्जी लिखा गया। आरोपी के पिता, मां और भाई इस कार्य में शामिल थे। काजी मोहम्मद अजीमुद्दीन भी धर्म परिवर्तन कराने में शामिल थे। महिला का पति शिवम शर्मा से तलाक नहीं हुआ है और 6 साल का बेटा भी है।
पुलिस की कार्रवाई और केस दर्ज
गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। मुख्य आरोपी राजा मियां, उसके पिता बिस्मिल्लाह मियां और मां अनीशा बेगम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस इरशाद और काजी मोहम्मद अजीमुद्दीन को तलाश रही है। महिला को हाईकोर्ट में पेश किया गया और आगे की कार्रवाई जारी है।
मामले का पूरा परिदृश्य
राजा मियां गाजियाबाद के बहरामपुर गांव में नौकरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात महिला से हुई और उसने प्रेम जाल में फंसा लिया। पहले भी पुलिस महिला को सुरक्षित बरामद कर चुकी है। तब कोर्ट ने राजा मियां को महिला के वैवाहिक जीवन में हस्तक्षेप न करने के आदेश दिए थे।