इटवा के मूसा गांव में 24.26 लाख की लागत से बना पहला हिंदू अंत्येष्टि स्थल,
एमएलसी सुभाष यदुवंश ने किया लोकार्पण
13 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: बस्ती मंडल के इटवा विकास खंड के ग्राम पंचायत मूसा में रविवार को एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुविधा की शुरुआत हुई। बस्ती मंडल के एमएलसी सुभाष यदुवंश ने यहां नवनिर्मित हिंदू अंत्येष्टि स्थल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अंत्येष्टि स्थल अंत्येष्टि विकास योजना के तहत 24.26 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है।
आसपास के दर्जनों गांवों को मिलेगी सुविधा
यह अंत्येष्टि स्थल मूसा और उसके आसपास के लगभग 12 से 13 गांवों के लिए पहली ऐसी सुविधा है। अब ग्रामीणों को अपने परिजनों की अंतिम क्रिया के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। खास बात यह भी है कि यह स्थल बलरामपुर जिले की सीमा से सटे होने के कारण वहां के गांवों के लोगों को भी लाभ देगा।
ग्राम प्रधान और जिलाध्यक्ष की पहल से हुआ निर्माण
इस सुविधा का निर्माण इटवा प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पारस यादव की पहल पर शुरू हुआ था। पारस यादव ने गांवों की इस ज़रूरत को प्रमुखता से उठाया था। साथ ही जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा ने भी इस विषय को जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्य संभव हो पाया।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
इस अवसर पर एमएलसी सुभाष यदुवंश ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना, खाद्यान्न वितरण, पीएम किसान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं सीधे आमजन को लाभ पहुंचा रही हैं।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज मौर्य, जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष पारस यादव, राम कृपाल चौधरी, राकेश त्रिपाठी और जयवर्धन तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे सामाजिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।