मिर्जापुर में विधायक रत्नाकर मिश्रा के होटल में महिला का अश्लील वीडियो बनाने का आरोप,
कर्मचारी गिरफ्तार
14 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला का होटल के बाथरूम में नहाते वक्त अश्लील वीडियो बना लिया गया। ये शर्मनाक घटना पुराना वीआईपी मार्ग स्थित रत्नाकर होटल की है, जो बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा का है। महिला ने तुरंत शोर मचाया और अपने परिजनों को बुलाया। शोर सुनकर आरोपी कर्मचारी मौके से भाग गया।
बाथरूम में शीशे से मोबाइल दिखने के बाद महिला ने मचाया शोर
9 जुलाई को लखनऊ से आई महिला अपनी मौसी के लड़के और ड्राइवर के साथ मंदिर दर्शन के लिए मिर्जापुर पहुंची थी। उन्होंने होटल में दो कमरे बुक किए थे। महिला जब अकेले अपने कमरे में बाथरूम में नहा रही थी, तब उसने शीशे में देखा कि एक मोबाइल फोन उसकी ओर कैमरा करके रखा गया है, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा मचाया तो होटल के सभी कर्मचारियों को बुलाया गया। महिला ने उनमें से आशीष मिश्रा नामक कर्मचारी को पहचान लिया। जब उससे मोबाइल दिखाने को कहा गया तो वह बहाने बनाने लगा। अन्य होटल स्टाफ ने भी मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने हार नहीं मानी और विंध्याचल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
होटल से जुड़ा है बीजेपी विधायक का नाम
यह होटल बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा के नाम पर है। उनका परिवार विंध्यवासिनी मंदिर का पुरोहित है। दो साल पहले इसी परिवार के राज मिश्रा पर भी एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया था, हालांकि वह मामला बाद में सुलझा और महिला ने केस वापस ले लिया था।
VIP दर्शन कराता था आरोपी
आरोपी आशीष होटल का स्थायी कर्मचारी था और वहां आने वाले VIP लोगों को बिना लाइन दर्शन कराता था। सीओ विवेक जावला ने बताया कि महिला की शिकायत पर आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
कांग्रेस ने कहा- भाजपा का असली चेहरा उजागर
घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि भाजपा विधायक के होटल में महिला का वीडियो बनाया गया, भाजपा का चाल-चरित्र-चेहरा सामने है। प्रदेशवासी सतर्क रहें, भाजपा नेताओं के होटलों से बचें। बता दें कि यह घटना अब सियासी रूप ले चुकी है, और पुलिस की जांच जारी है। महिला को इंसाफ दिलाने की मांग उठ रही है।