Mathura News: बिजली की शिकायत...
और फिर कुछ ही घंटों में उठी 2 सगे भाइयों की अर्थी, आखिर क्या हो गया?
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां दो सगे भाइयों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गएं। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने पहले एक भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे ने इलाज के दौरान सोमवार दोपहर दम तोड़ दिया। बता दें कि यह घटना गांव धर्मपुरा नहर के पास हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने की है। इस मामले में पुलिस ने प्रधान सहित पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार हुआ।
गोवर्धन में रहने वाले दो भाइयों की संदिग्ध मौत
बच्चन सिंह अपने परिवार के साथ गोवर्धन में रहते हैं। उनके तीन बेटे हैं साहब सिंह, तिलक सिंह और विनोद सिंह। तिलक और विनोद भाई शादी में मेहंदी लगाने का काम करते थे। रविवार रात दोनों भाई गांव धर्मपुरा गए हुए थे। उनके घर में बिजली नहीं आ रही थी। उन्होंने ग्राम प्रधान ताराचंद को फोन किया। उन्होंने बिजली सही कराने को कहा। इस पर ग्राम प्रधान नाराज़ हो गया। दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और गाली-गलौज भी हुई। इसके बाद दोनों भाई गांव से चले गए। थोड़ी देर बाद किसी ने पुलिस को 112 नंबर पर फोन किया। बताया कि सरूरपुर नहर पर एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस वहां पहुंची। दोनों भाई बाइक सहित नहर के पास पड़े मिले। बाइक पर भी रगड़ के निशान थे। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तिलक को मृत घोषित कर दिया और विनोद का इलाज किया गया, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
परिजनों ने गांव के प्रधान पर लगाया आरोप
मृतक के पिता बच्चन सिंह ने बताया कि प्रधान ताराचंद और उसके चार साथियों ने उनके बेटों की लाठी-डंडों और सरियों से पिटाई की। इस मामले में पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार रात दोनों शव गांव लाए गए। परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वे अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं हुए। पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। मंगलवार दोपहर तक परिजन अड़े रहे। आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस की जांच जारी
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम पैनल से कराया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।