मैनपुरी में शादी के 10 दिन बाद दुल्हन फरार, पति को बेहोश कर कार सवार के साथ हुई रवाना,
3 लाख के जेवर भी ले गई साथ
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मैनपुरी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के सिर्फ 10 दिन बाद ही एक दुल्हन अपने पति को बेहोश कर फरार हो गई। मामला मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के व्योतीखुर्द गांव का है। पीड़ित पति ने बताया कि नई नवेली पत्नी ने पेट दर्द का बहाना बनाकर उसे शहर दवा दिलवाने के लिए बुलाया और फिर कार सवार व्यक्ति की मदद से उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर फरार हो गई। दुल्हन अपने साथ 3 लाख के जेवर और नकद रुपए भी ले गई।
8 जून को मंदिर में हुई शादी
पीड़ित युवक शिवरतन, जो गांव में खेती करता है उसने बताया कि उसकी शादी में कई सालों से दिक्कत आ रही थी। इसी बीच उसने अपनी भाभी पिंकी के मामा के लड़के जवाहर सिंह से शादी कराने की गुजारिश की। जवाहर ने उसे एक मीडिएटर से मिलवाया और फिर शिवरतन को गोरखपुर और कुशीनगर ले जाकर एक महिला से मिलवाया गया। महिला ने 1 लाख रुपए लिए और 8 जून को एक मंदिर में शिवरतन की शादी प्रिया नाम की लड़की से करा दी गई।
बीमारी का बहाना बनाकर दुल्हन ने रची ठगी की साजिश
शादी के बाद दुल्हन को घर लाया गया। सबकुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 18 जून को पत्नी ने अचानक पेट दर्द की शिकायत की और मैनपुरी शहर चलने को कहा। शिवरतन उसे डॉक्टर को दिखाने ले गया। इलाज के बाद दोनों एलआईसी ऑफिस के पास खड़े थे, तभी एक अर्टिगा कार आकर रुकी। उसमें बैठे शख्स से प्रिया बातचीत करने लगी और उसे रिश्तेदार बताया। कार में बैठने के कुछ ही देर बाद शिवरतन को नशीला रुमाल सुंघाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। वहीं होश आने पर उसने खुद को आगरा के एत्मादपुर में एक यात्री प्रतीक्षालय में पाया। वहां मौजूद लोगों की मदद से वह घर पहुंचा और जब पत्नी से संपर्क नहीं हुआ, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। उसने बताया कि दुल्हन 3 लाख रुपए के जेवर और 2500 नकद भी ले गई। अब उसने थाने में दुल्हन और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।