लखनऊ में विदेशी महिलाओं का पकड़ा गया सेक्स रैकेट,
उज्बेकिस्तान की महिला पर लुकआउट नोटिस
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के पॉश इलाके ओमेक्स न्यू हजरतगंज की एक बहुमंजिला इमारत में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने एफआरआरओ (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) टीम के साथ गुरुवार देर रात फ्लैट नंबर-527 पर छापा मारा। इस दौरान दो विदेशी महिलाएं आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गईं। पूछताछ में उन्होंने खुद को उज्बेकिस्तान की नागरिक बताया। इनके पास वैध पासपोर्ट या वीजा नहीं था।
विदेशी महिलाओं की प्लास्टिक सर्जरी कर छिपाई पहचान
जांच में खुलासा हुआ कि यह रैकेट डॉक्टर और अन्य स्थानीय लोगों की मदद से चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक डॉक्टर सहित दर्जनभर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, इन महिलाओं की मुलाकात डॉ. विवेक गुप्ता से हुई थी, जिन्होंने इनकी प्लास्टिक सर्जरी की थी। सर्जरी के जरिए चेहरे में कुछ ऐसे बदलाव किए गए थे जिससे महिलाएं विदेशी न लगें और आसानी से भारत में रह सकें।
लुकआउट नोटिस के बाद भी भारत में रह रही थी लोयोला
सेक्स रैकेट में शामिल त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा, जो खुद को पत्रकार बताता है, इन महिलाओं को रहने की जगह और अन्य सहायता उपलब्ध करा रहा था। पुलिस का कहना है कि अर्जुन और डॉ. विवेक के खिलाफ विदेशी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इस गिरोह की मुख्य सरगना उज्बेकिस्तान की लोयोला बताई जा रही है, जिसके खिलाफ पहले से ही उज्बेकिस्तान सरकार ने लुकआउट नोटिस जारी किया हुआ है। लोयोला भारत में अवैध रूप से रह रही थी और उसने अर्जुन से शादी कर ली थी।
दो साल से भारत में रह रहीं थीं विदेशी महिलाएं
पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे दो साल पहले भारत आई थीं। उनका पासपोर्ट और वीजा गुम हो गया था, जिसकी रिपोर्ट की बात कही गई, लेकिन कोई पुष्टि नहीं हो सकी। लोयोला कायूमोवा और अर्जुन राणा की मदद से ही वे लखनऊ में रह रही थीं। यह भी खुलासा हुआ है कि लोयोला लंबे समय से भारत में अवैध रूप से रह रही थी और कई विदेशी नागरिकों को यहां बुलाकर रैकेट चला रही थी। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।