लखनऊ में बादल और बारिश का डेरा,
मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
11 days ago
Written By: STATE DESK
लखनऊ में बुधवार की सुबह बादलों की मोटी चादर से ढकी रही। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में एक से दो बार बारिश की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके मद्देनज़र मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
मंगलवार को क्या रहा तापमान
बताया जा रहा है कि मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। दिन में नमी (ह्यूमिडिटी) अधिकतम 84 फीसदी और न्यूनतम 64 फीसदी तक दर्ज की गई, जिससे उमस काफी महसूस की गई।
बंगाल की खाड़ी से उठे मानसूनी तूफान का असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र ने अब एक मानसूनी तूफान का रूप ले लिया है। यह तूफान अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके असर से प्रदेश भर में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है।
अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
-
पूर्वी उत्तर प्रदेश: अगले एक हफ्ते तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।
-
भारी बारिश की संभावना: 17 जुलाई को पूर्वांचल के एक-दो स्थानों पर बहुत तेज बारिश हो सकती है।
-
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 16 जुलाई से बारिश की रफ्तार बढ़ेगी, कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
-
लखनऊ में: 16 जुलाई से बारिश का असर और तेज होगा। आज और कल हल्की से मध्यम बारिश के दौर के साथ गरज-चमक भी बनी रहेगी।
क्या करें और क्या न करें
-
बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
-
तेज बारिश की संभावना में बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
-
जलभराव वाले इलाकों से सतर्क रहें।
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून का असर बढ़ेगा, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन उमस बनी रहेगी।