लखनऊ में शर्मनाक घटना: प्राइवेट अस्पताल में मरीज की मौत,
छिपाने के लिए शव सड़क पर छोड़कर भागे कर्मचारी
4 days ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कृष्णानगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना देने के बजाय शव को एंबुलेंस से दूसरे सरकारी अस्पताल के बाहर छोड़ दिया और वहां से भाग गए। कई घंटे तक शव इमरजेंसी वार्ड के बाहर लावारिस पड़ा रहा। जब सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। बाद में मृतक की पहचान हुई और पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को नोटिस जारी किया है और जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे हुई घटना की शुरुआत
लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी 37 वर्षीय कर्मवीर सिंह सोमवार सुबह घर से काम पर जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए वे खुद ही एसकेडी हॉस्पिटल पहुंच गए। ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अस्पताल ने फोन कर उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। इसके बजाय प्राइवेट अस्पताल ने मौत को छिपाने की कोशिश की।
CCTV फुटेज ने खोला राज
घटना तब सामने आई जब सरकारी अस्पताल के बाहर मिले शव से पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की जेब से मोबाइल और आधार कार्ड मिला, जिससे उनकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। इस बीच सरकारी अस्पताल से CCTV फुटेज भी मिला, जिसमें प्राइवेट अस्पताल के दो कर्मचारी एंबुलेंस से शव को स्ट्रेचर पर लाते और इमरजेंसी गेट के बाहर छोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज वायरल होते ही पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
परिजनों का आरोप और प्रशासन की कार्रवाई
मृतक के परिवार ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। वे अस्पताल पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लखनऊ के सीएमओ डॉ. एन. बी. सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। अस्पताल से CCTV फुटेज और अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं। दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।