लखनऊ में जाम से राहत का रोडमैप तैयार,
सेतु निगम ने भेजा 46 नए ओवरब्रिजों का प्रस्ताव
1 months ago
Written By: STATE DESK
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जाम मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेतु निगम ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में 46 नए ओवरब्रिजों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
8 विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
यह ओवरब्रिज निर्माण योजना लखनऊ की 8 विधानसभा सीटों में लागू की जाएगी, जहां यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। इन पुलों के जरिए मुख्य सड़कों और भीतरी इलाकों को बेहतर ढंग से जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।
सबसे ज्यादा ब्रिज सरोजनी नगर में
सेतु निगम की रिपोर्ट के अनुसार, सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 10 ओवरब्रिज प्रस्तावित किए गए हैं। यह क्षेत्र कानपुर रोड से जुड़ा है, जहां प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव बना रहता है।
अन्य विधानसभा क्षेत्रों में ब्रिजों का प्रस्ताव
मलिहाबाद — 7 ब्रिज
बख्शी तालाब — 7 ब्रिज
पश्चिम विधानसभा — 6 ब्रिज
पूर्वी विधानसभा — 5 ब्रिज
मध्य विधानसभा — 5 ब्रिज
उत्तर विधानसभा — 3 ब्रिज
मोहनलालगंज — 4 ब्रिज
शासन की मंजूरी के बाद शुरू होगा कार्य
जानकारी के मुताबिक़, ‘यह पूरा प्रस्ताव सेतु निगम द्वारा राज्य सरकार को भेजा गया है। जैसे ही शासन से मंजूरी मिलती है, ओवरब्रिज निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दिया जाएगा।