लखनऊ कलेक्ट्रेट में घूस लेते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला कर्मचारी,
पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर मांगे थे 12 हजार रुपये की रिश्वत
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के कलेक्ट्रेट ऑफिस की महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते पकड़ा गया है। कर्मचारी महिला पेंशन विभाग में काम करती है। महिला ने पेंशन वेरिफिकेशन के लिए 12 हजार रुपए मांगे थे। पीड़िता ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में की थी। इसके बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी शनिवार को हुई है। घटना ने सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पेंशन वेरिफिकेशन के लिए मांगी गई रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपने पेंशन वेरिफिकेशन के लिए ऑफिस पहुंची थी। वहां उसकी मुलाकात कर्मचारी चंद्रमाला पटेल से हुई। चंद्रमाला ने उससे सीधे 12 हजार रुपए की मांग की। पीड़िता ने कहा कि वह जरूरी फीस दे देगी, लेकिन रिश्वत नहीं दे सकती। इस पर चंद्रमाला ने कहा कि बिना पैसे के काम नहीं होगा।
महिला ने रिश्वतखोरी की कर दी शिकायत
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो में इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की निगरानी शुरू की। जैसे ही चंद्रमाला ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। बता दें कि आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
कलेक्ट्रेट की कर्मचारी हैं आरोपी महिला
चंद्रमाला पटेल कलेक्ट्रेट के पेंशन अनुभाग की हेल्प डेस्क पर तैनात है। उसे कई बैंकों के पेंशन मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें गोमती नगर, महानगर, अलीगंज, जेल रोड और एलडीए कॉलोनी जैसी शाखाएं शामिल हैं।
विजिलेंस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
विजिलेंस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अन्य शिकायतें भी मिल रही हैं। यदि कोई और दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।