लखनऊ के शुभांशु शुक्ला ने रचा इतिहास,
अंतरिक्ष पहुंचते ही कहा- जय हिंद, जय भारत
1 months ago
Written By: संदीप शुक्ला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण रहा। शहर के बेटे शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रचते हुए अंतरिक्ष की ओर पहली उड़ान भरी। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से आज मिशन लॉन्च किया गया, जिसमें शुभांशु समेत कुल चार एस्ट्रोनॉट अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए।
39 साल की उम्र में अंतरिक्ष की उड़ान
बताते चलें कि, महज 39 वर्षीय शुभांशु शुक्ला अब अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर दो सप्ताह तक रहेंगे। यह मिशन तकनीकी शोध, अंतरिक्ष जीवन की चुनौतियों और पृथ्वी से बाहर जीवन की संभावनाओं पर केंद्रित है। शुभांशु की यह उड़ान न सिर्फ भारत के लिए गर्व का विषय है, बल्कि लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
अंतरिक्ष से पहला संदेश
अंतरिक्ष में पहुंचने के कुछ ही समय बाद शुभांशु शुक्ला ने पहला संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने गर्व से कहा, “जय हिंद, जय भारत!” उनके इस संदेश ने पूरे देश को भावुक कर दिया और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया।
लखनऊ में खुशी की लहर
शुभांशु की इस सफलता की खबर जैसे ही लखनऊ पहुंची, शहर में जश्न का माहौल बन गया। उनके परिवार, स्कूल, कॉलेज और दोस्तों के बीच गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई। लोग ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ उनकी उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं।
भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को मिला नया बल
शुभांशु शुक्ला की यह अंतरिक्ष यात्रा भारत की बढ़ती अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को नई उड़ान देती है। उनका यह मिशन वैज्ञानिक शोध के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मिसाल भी है।