लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी,
एक महिला की मौत, 30 घायल
1 months ago
Written By: संदीप शुक्ला
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी तहसील क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मनौना धाम से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। तो वहीं 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में एक महिला की मौत, 30 घायल
मिली जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना गोकन क्षेत्र में स्थित गौशाला के सामने हुई है । जहां हादसे में धौरहरा कस्बा निवासी कंचन लता तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मोहम्मदी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अधिकतर यात्री सिसैया और धौरहरा के निवासी
बताया जा रहा है कि, घायलों में अधिकतर यात्री लखीमपुर जिले के सिसैया और धौरहरा क्षेत्रों के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार बहुत तेज थी और एक तीखे मोड़ पर चालक पिंकू (निवासी लहरपुर) नियंत्रण नहीं रख सका। इस कारण बस खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।
40 यात्री थे सवार, दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि, उस बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो मनौना धाम में दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायलों का इलाज लखीमपुर जिला अस्पताल में जारी है।
प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
जिसके बाद, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिस दौरान राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की मदद की। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।