कब्र से गायब हुई 10 साल की बच्ची की लाश मोबाइल टावर परिसर में मिली,
पास मिला बुर्का और साड़ी, तंत्र-मंत्र की आशंका
4 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। पटहेरवा थाना क्षेत्र के सहदौली गांव में 10 साल की एक बच्ची का शव दफनाने के तीन दिन बाद कब्र से गायब हो गया। यह शव बाद में एक बंद मोबाइल टावर की झाड़ियों में मिला, वो भी नग्न हालत में। शव के पास काला बुर्का और साड़ी मिलने से तंत्र-मंत्र की आशंका गहराती जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
गोरखपुर में हुई मौत, गांव में किया गया दफन
सहदौली गांव के रहने वाले बिस्मिल्लाह अंसारी मुंबई में काम करते हैं। उनकी 10 साल की बेटी गुलफ्सा खातून चेचक से पीड़ित थी, जिसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 19 जुलाई की सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद बिस्मिल्लाह मुंबई से गोरखपुर आए और बेटी का शव गांव लाकर थाने के पास कब्रिस्तान में दफना दिया।
कब्र से गायब मिला शव
तीन दिन बाद सोमवार सुबह राइस मिल निर्माण करा रहे एक व्यक्ति ने देखा कि कब्र की मिट्टी उखड़ी हुई है। उन्होंने बिस्मिल्लाह को इसकी सूचना दी। परिजन पहुंचे तो देखा कि कब्र खाली थी। तुरंत डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई। फोरेंसिक टीम ने जांच की और शव को 100 मीटर दूर बंद मोबाइल टावर के पास झाड़ियों में खोज निकाला। गांव के युवक मसूद खान ने बताया कि शव नग्न था और उसके पास एक काला बुर्का और साड़ी पड़ी थी। शव पर कीड़े चल रहे थे और वहां मौजूद लोग घबरा गए। यह नजारा बहुत डरावना था।
पुलिस की जांच जारी तंत्र-मंत्र की आशंका
एसपी संतोष मिश्रा ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला बताया है। सीओ कुन्दन सिंह ने कहा कि FIR दर्ज कर ली गई है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची के पिता बिस्मिल्लाह अंसारी ने कहा कि वे तंत्र-मंत्र में विश्वास नहीं करते। उन्होंने बताया कि बेटी की तबीयत खराब थी और मौत के बाद उसे दफनाया गया था। लेकिन अब जो हुआ, वह डराने वाला है। वहीं गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़ रहे हैं तो कुछ को किसी साजिश की आशंका है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।