नमक कम होने पर गर्भवती पत्नी की हत्या, पति ने पीटने के बाद छत से फेंका,
गांव वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
23 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिर्फ सब्जी में नमक कम होने के कारण एक व्यक्ति ने अपनी 5 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पति ने पहले पत्नी को बुरी तरह पीटा, फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र के नगला ढक गांव की है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय ब्रजमाला के रूप में हुई है।
सात साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, ब्रजमाला की शादी सात साल पहले रामशरण उर्फ रामू से हुई थी। दोनों का एक तीन साल का बेटा भी है। ब्रजमाला के चचेरे भाई राकेश ने बताया कि रामशरण के पास दो बीघा जमीन है और वह खेती करके परिवार चलाता है। शादी के बाद से ही रामू छोटी-छोटी बातों पर ब्रजमाला को मारता-पीटता था, लेकिन वह सीधी स्वभाव की थी और कभी किसी से शिकायत नहीं की।
सब्जी में कम नमक बना गर्भवती की मौत की वजह
बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे ब्रजमाला ने आलू की सब्जी बनाई। रामशरण को नमक कम लगा तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया। बहस के दौरान उसकी मां मीरा देवी बीच-बचाव करने आईं लेकिन रामू ने और भी ज्यादा हिंसक रुख अपना लिया। पहले पत्नी को थप्पड़ मारे, फिर लात-घूंसे से पीटा और मौका पाकर उसे छत से धक्का दे दिया।
छत से गिरने के बाद ब्रजमाला हुई बेहोश
महिला सिर के बल नीचे गिरी और बेहोश हो गई। सास ने दौड़कर उसे उठाया और तुरंत जिला अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां चार घंटे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद रामू गांव से भाग गया लेकिन देर रात गांव वालों ने उसे गांव के बाहर एक खाली मकान में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। ब्रजमाला के पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां और भाभी ही बची हैं। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।