कानपुर से शुरू हुआ I Love Muhammad विवाद, यूपी से महाराष्ट्र-गुजरात तक फैला तनाव,
जानें क्या है पूरा मामला
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद अब यूपी के कई जिलों, उत्तराखंड, गुजरात और मुंबई तक फैल गया है। 4 सितंबर को कानपुर के सैयद नगर क्षेत्र से निकले बरावफात (ईद-मिलाद-उन-नबी) जुलूस के दौरान लगाए गए एक बैनर ने धार्मिक तनाव खड़ा कर दिया। बैनर पर लिखा था ‘आई लव मुहम्मद’, जिसे लेकर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। पुलिस ने इस मामले में 25 युवकों पर FIR दर्ज कर दी। इसके बाद से ही मामला सियासी और धार्मिक रंग ले चुका है, जिससे त्योहारों के मौसम में तनाव और बढ़ गया है।
विवाद कैसे शुरू हुआ 4 सितंबर 2025 को बरावफात जुलूस के दौरान आयोजकों ने परंपरागत मार्ग से हटकर जफर वाली गली के पास एक टेंट और ‘आई लव मुहम्मद’ लिखा लाइट बोर्ड लगाया। यह स्थान पहले राम नवमी जुलूस के लिए इस्तेमाल होता रहा है। हिंदू समुदाय ने इसे नई परंपरा शुरू करने की कोशिश बताया और विरोध किया। चश्मदीदों के अनुसार, विरोध के दौरान पोस्टर फाड़ा गया और नोकझोंक हुई। हालांकि मौके पर हिंसा नहीं हुई, लेकिन मामला रावतपुर थाने पहुंचा और धीरे-धीरे देशभर में फैल गया।
पुलिस ने क्या कहा रावतपुर पुलिस ने 9 सितंबर को FIR दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) लगाई गई। FIR में 9 नामजद और 15 अज्ञात, कुल 25 लोग आरोपी बनाए गए। पुलिस ने साफ किया कि मामला आई लव मुहम्मद लिखने का नहीं, बल्कि बिना अनुमति परंपरागत मार्ग से हटकर टेंट लगाने और पोस्टर फाड़ने का था। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर यह नैरेटिव फैल गया कि पैगंबर से प्रेम जताने पर गिरफ्तारियां हो रही हैं।
राजनीति और बढ़ता विवाद इस विवाद को मस्जिदों की तकरीरों और सोशल मीडिया पोस्ट्स ने और भड़काया। समाजवादी पार्टी के अबू आजमी ने कहा कि FIR जितनी करनी है कर लो, लेकिन अल्लाह के सामने सब कुछ कुर्बान है। विरोध में कई जगह सिर तन से जुदा जैसे नारे लगे। धीरे-धीरे यह विवाद यूपी, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना तक फैल गया।