झांसी में महिला और नाबालिग बेटे से हैवानियत, एक आरोपी का एनकाउंटर,
दूसरा पुलिस पर फायरिंग कर फरार
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: झांसी में एक हैवानियत भरी घटना सामने आई है, जहां दो ट्रक ड्राइवरों ने एक नाबालिग लड़के और उसकी 65 साल की वृद्ध मां के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार रात एक आरोपी को एनकाउंटर में घायल कर दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घटना चिरगांव थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा गांव में हुई, जहां आरोपियों ने पहले नाबालिग के साथ और फिर 24 घंटे बाद उसकी मां के साथ दरिंदगी की। पुलिस ने घटना के बाद मामला दर्ज कर तलाश शुरू की और आरोपियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग एक घायल
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सत्यम परिहार (25) और दुष्यंत परिहार सुल्तानपुरा ओवरब्रिज के पास से गुजरने वाले हैं। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सत्यम के पैर में गोली लगी और वह गिरफ्तार हो गया, लेकिन दुष्यंत भाग निकला। पुलिस ने सत्यम से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। एसपी ग्रामीण अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पर यौन हिंसा और धमकी देने के गंभीर आरोप हैं।
नाबालिग बेटे के साथ पहले किया दरिंदगी
मामले की शुरुआत 14 जून की रात हुई, जब 65 साल की विधवा महिला और उसका 17 साल का बेटा अपने घर में सो रहे थे। देर रात दुष्यंत घर में घुसा और नाबालिग लड़के के साथ बलात्कार किया। लड़के ने मां को बताया, लेकिन शर्म के कारण उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया।
24 घंटे बाद मां के साथ किया रेप
अगली रात (15 जून), सत्यम परिहार ने महिला के घर का दरवाजा पीटा। जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला, तो उसने उसके बेटे को मारने की धमकी दी। डर के मारे महिला ने दरवाजा खोला तो सत्यम ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और बलात्कार किया। बाद में उसने तमंचा दिखाकर धमकाया कि अगर किसी को बताया तो मां-बेटे दोनों को मार दिया जाएगा।
महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
डर के बावजूद महिला ने हिम्मत जुटाई और चिरगांव थाना पहुंचकर केस दर्ज कराया। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में लग गई। अब सत्यम गिरफ्तार है, जबकि दुष्यंत की तलाश जारी है। पुलिस छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने की उम्मीद है। इस घटना ने पूरे इलाके में रोष पैदा कर दिया है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए पूरी कार्रवाई की जाएगी।