जौनपुर में पत्थर की आंख लगाकर आया दुल्हा, शादी में मचा बवाल,
जानें क्या है मामला
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: जौनपुर जिले के बरसठी के मलई गांव में एक अनोखी लेकिन विवादित शादी की घटना सामने आई है। शादी की तैयारियों के बीच पता चला कि दूल्हा एक आंख से अंधा है और वह पत्थर की आंख लगाकर शादी में शामिल हुआ था। यह बात तब सामने आई जब मंडप में दूल्हे की आंख कैमरे की लाइट से चमकी, जिससे लोगों को शक हुआ। लड़कियों के घरवालों ने दूल्हे की एक आंख बंद कराकर उंगलियां गिनवाईं, लेकिन वह सही से गिन नहीं पाया। तब जाकर परिवार को पता चला कि दूल्हा एक आंख से देख नहीं सकता। इस पर हंगामा मच गया और पुलिस बुलाई गई। काफी देर तक पंचायत चली, जिसमें लड़के वालों ने डेढ़ लाख रुपये का समझौता किया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस चली गई।
पांच महीने पहले तय हुई थी शादी
बरसठी से करीब 35 किलोमीटर दूर मलई गांव की रहने वाली लड़की की शादी मछलीशहर के निजामुद्दीनपुर गांव के पिंटू गौतम के बेटे जगमोहन से हुई थी। पांच महीने पहले शादी तय हुई थी और 8 जून को बारात आई। लड़की के भाई राम सेवक ने बताया कि उन्हें दूल्हे की आंख की समस्या की जानकारी नहीं थी। शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और रिश्तेदार-मित्र भी मौजूद थे। बारात के स्वागत के बाद मंडप में विवाह के संस्कार शुरू हुए। तभी कैमरामैन की लाइट दूल्हे की आंख पर पड़ी और उसकी आंख चमकी। एक महिला ने शक जताया और परिवार को सूचना दी।
दूल्हे की आंख बंद कर गिनवाईं गई उंगलियां
घरवालों ने दूल्हे की आंख बंद कराई और उंगलियों की गिनती कराई, लेकिन दूल्हा ठीक से नहीं देख पाया। पता चला कि दूल्हा एक आंख से अंधा है और उसने नकली आंख लगा रखी थी। लड़के के पिता ने कहा कि उनके बेटे ने पत्थर की आंख नहीं लगाई थी बल्कि लेंस लगाया था। उन्होंने यह भी कहा कि लड़की वाले बार-बार उनके घर आए थे और उनकी बेटी भी दूल्हे को देख चुकी थी, इसलिए यह बात पहले ही पता चल जानी चाहिए थी।
गांव में झूठी खबर से लड़के-लड़की के रिश्ते पर संकट
गांव के लोग इस घटना से नाराज हैं और कहते हैं कि इस झूठ से लड़की की जिंदगी खराब हो सकती थी। उन्होंने लड़के वालों से शादी का पूरा खर्च देने की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायत कराई और डेढ़ लाख रुपये में मामला सुलझा लिया गया। इस विवादित शादी के कारण लड़की की शादी अब नहीं होगी और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।