भारत-पाकिस्तान एशिया कप से पहले अयोध्या के साधु-संतों का यज्ञ,
भारतीय टीम की जीत की कामना
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: आज भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का अहम मुकाबला खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस मैच पर टिकी हैं क्योंकि यह साल का दूसरा भारत-पाक मुकाबला है। भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं और टीम पाकिस्तान को मात देकर जीत दर्ज करने के लिए मैदान में उतर रही है। सीमा पर तनाव के बावजूद क्रिकेट का यह मुकाबला हर किसी के लिए उत्सुकता और उम्मीद का विषय बना हुआ है। देशभर के फैंस भारतीय टीम की जीत के लिए दुआएं कर रहे हैं।
अयोध्या में साधु-संतों ने शुरू किया अनुष्ठान इस मैच को लेकर अयोध्या के मठ-मंदिरों में साधु-संतों ने विशेष यज्ञ और अनुष्ठान शुरू कर दिए हैं। वैदिक विद्वान और मंदिरों के महंत भारत की जीत के लिए हवन और पूजन कर रहे हैं। प्रभु राम और पवन पुत्र हनुमान के मंत्रों की आहुति देकर वे भारतीय खिलाड़ियों की सफलता की कामना कर रहे हैं। राम कचहरी चारों धाम मंदिर के महंत शशिकांत दास ने बताया कि यज्ञ में सभी देवी-देवताओं को साक्षी मानकर निवेदन किया गया कि भारतीय टीम पाकिस्तान पर विजय प्राप्त करे।
हनुमानगढ़ी में शक्ति के लिए प्रार्थना हनुमानगढ़ी के संत देवेशाचार्य महाराज ने बताया कि परिसर में हनुमान जी के मंत्रों के साथ यज्ञ अनुष्ठान किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को शक्ति और साहस प्रदान करना है ताकि वे पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि यह प्रार्थना सिर्फ जीत के लिए नहीं, बल्कि विश्व में तिरंगा लहराने और देश का मान बढ़ाने के लिए भी की जा रही है। साधु-संतों का यह विशेष अनुष्ठान और यज्ञ भारतीय खिलाड़ियों के उत्साह और देशवासियों के जोश को और बढ़ा रहा है। क्रिकेट के इस बड़े मुकाबले में देशभर के लोग अपनी शुभकामनाओं के साथ भारतीय टीम की जीत की कामना कर रहे हैं।