बांके बिहारी कॉरिडोर पर घमासान, हेमा मालिनी के बयान से भड़के ब्रजवासी,
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
2 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Hema Malini: बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर मथुरा से सांसद हेमा मालिनी का एक बयान सोशल मीडिया पर जम कर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने कहा कि कॉरिडोर जरूर बनेगा और जो लोग विरोध कर रहे हैं उन्हें कहीं और बसना पड़ेगा। इस बयान से ब्रजवासियों में गहरा आक्रोश फैल गया है। सोशल मीडिया पर ही नहीं, मेनस्ट्रीम मीडिया में भी स्थानीय लोग खुलकर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि सांसद का यह बयान दिल दुखाने वाला है।
स्थानीय लोगों ने जताया विरोध
वृंदावन में रहने वाले लोगों ने इस बयान को अपमानजनक बताया है। रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष और वात्सल्य ग्राम आश्रम के कोषाध्यक्ष महेश खंडेलवाल ने कहा कि सांसद का कहना कि विरोध करने वालों को कहीं और बसना पड़ेगा उनका यह बयान हर ब्रजवासी को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा से भाजपा के समर्थक रहे हैं लेकिन इस बयान ने उन्हें शर्मिंदा किया है।
पुलिस व्यवस्था से पहले ही परेशान हैं स्थानीय लोग
महेश खंडेलवाल ने यह भी कहा कि पहले ही भीड़ नियंत्रण के नाम पर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था स्थानीय लोगों को प्रताड़ित कर रही है। कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं, जिससे आम आदमी का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि वे पहले प्रतिदिन वात्सल्य ग्राम जाते थे, अब 10-15 दिन में भी जाना मुश्किल हो गया है। पुलिस कर्मी वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों से भी सम्मानजनक व्यवहार नहीं करते।
पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने भी जताई नाराजगी
भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने भी हेमा मालिनी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाहर वही जाएगा जो बाहर से आया है हम ब्रजवासी यहीं जन्मे हैं और हम यहीं मरेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद को कॉरिडोर बनाने की इतनी जल्दी है, लेकिन पिछले 11 सालों में मथुरा को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए उन्होंने ऐसी आतुरता क्यों नहीं दिखाई?
स्पष्ट नहीं बयान की तारीख
बताया जा रहा है कि हेमा मालिनी ने यह बयान ओमेक्स सिटी स्थित अपने आवास से निकलते समय दिया था, लेकिन इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और ब्रजवासियों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर है, जो 29 जुलाई को होनी है।