गाजियाबाद में हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर फायरिंग,
सिपाही की गोली लगने से मौत, आरोपी गिरफ्तार
1 months ago
Written By: State Desk
Ghaziabad Police Attack: गाजियाबाद के नाहल गांव में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और अपने साथी हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा ले गए। इस हमले में सिपाही सौरभ कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस ने रविवार की सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले पुलिस टीम पर पथराव
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार की रात करीब 12:30 बजे की है। जहां नोएडा पुलिस की एक टीम हिस्ट्रीशीटर कादिर उर्फ मंटा को गिरफ्तार कर वापस लौट रही थी। तभी कादिर के साथियों ने पुलिस पर अचानक पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों ने जान बचाने के लिए गाड़ी रोकी और खेतों की ओर भागे। इसी अफरातफरी में कादिर भी पुलिस की गिरफ्त से भाग निकला।
पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग
जिसके बाद वहां से भागते ही आरोपी कादिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दोनों ओर से करीब 20-25 राउंड फायरिंग हुई। इसी दौरान एक गोली सिपाही सौरभ कुमार के सिर में जा लगी। वह वहीं गिर पड़े। यह देखकर बदमाश फरार हो गए।
सिपाही की इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद घायल सौरभ को साथी पुलिसकर्मी तुरंत गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव शामली में मातम छा गया। मां कला देवी और पत्नी आयुषी का रो-रोकर बुरा हाल है।
24 से ज्यादा मुकदमों में था वांक्षित, गिरफ्तार
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, कादिर पर हत्या, लूट जैसे 24 से ज्यादा गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। रविवार सुबह पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद नाहल गांव में PAC तैनात कर दी गई है। पुलिस ने गांव के एक-एक घर की तलाशी ली और ग्रामीणों से पूछताछ की। यह भी सामने आया कि नोएडा पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को दबिश की जानकारी नहीं दी थी। सिपाही सौरभ कुमार 30 साल के थे। उन्होंने 2017 में पुलिस सेवा जॉइन की थी और नोएडा में तैनात थे। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ शामली के देव गांव में किया जाएगा।