वाराणसी में वरुणा नदी से पकड़ी गई 4 आंखों वाली मछली, अजीब शक्ल देख गांव में मचा हड़कंप,
वैज्ञानिक भी रह गए हैरान
12 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली और अनोखी खबर सामने आई है। बड़ागांव क्षेत्र के कोईराजपुर गांव में वरुणा नदी से एक मछुआरे ने ऐसी मछली पकड़ी है जिसकी बनावट देखकर हर कोई हैरान है। इस मछली की सबसे खास बात यह है कि इसके सिर पर चार आंखों जैसी संरचना दिखाई दे रही है। यह मछली अब गांव में चर्चा का केंद्र बन चुकी है और लोग दूर-दूर से इसे देखने पहुंच रहे हैं।
अजीब बनावट और सख्त त्वचा ने बढ़ाई जिज्ञासा
इस मछली को जब मछुआरे ने अपने जाल में पकड़ा और ध्यान से देखा, तो उसकी बनावट सामान्य मछलियों से बिल्कुल अलग थी। इसका मुंह नीचे की ओर था, त्वचा पत्थर जैसी सख्त और चेहरा आम मछलियों से बिलकुल अलग दिखाई देता है। गांव वालों के मुताबिक, उन्होंने इससे पहले कभी ऐसी मछली नहीं देखी।
पानी की टंकी में सुरक्षित रखी गई मछली
फिलहाल यह मछली कोईराजपुर गांव के पास रिंग रोड किनारे एक पानी की टंकी में रखी गई है, जहां इसे देखने के लिए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ लग रही है। एक ढाबा संचालक ने बताया कि यह मछली मानो किसी दूसरी दुनिया से आई हो। गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। वहीं कुछ इसे शुभ मान रहे हैं तो कुछ अपशकुन मानकर डर भी रहे हैं।
करचामा या सकरमाउथ कैटफिश हो सकती है यह प्रजाति
स्थानीय मछुआरों और जानकारों के अनुसार यह मछली संभवतः करचामा या Sucker Mouth Catfish प्रजाति की हो सकती है, जो आमतौर पर नहरों और तालाबों के तल में पाई जाती है। इसकी त्वचा बहुत सख्त होती है और यह ज्यादातर शांत लेकिन मूडी प्रवृत्ति की होती है। हालांकि, इसके सिर पर चार आंखों जैसी बनावट को लेकर संशय बना हुआ है।
वन विभाग को नहीं दी गई सूचना
अब तक इस मछली के संबंध में न तो वन विभाग को और न ही किसी वैज्ञानिक संस्था को सूचना दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह मछली असाधारण या दुर्लभ प्रजाति की है, तो इसे तुरंत संरक्षण और अध्ययन के लिए संबंधित विभाग को सौंपा जाना चाहिए। ऐसी घटनाएं जैव विविधता के लिहाज से अहम मानी जाती हैं।