दिवाली की रात मां ने पहले बच्चों को भेजा बाहर, फिर लगा ली फांसी…
फिरोजाबाद में विवाहिता की आत्महत्या से मचा हड़कंप
6 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से दिवाली के दिन दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने बड़ी सावधानी से अपने बच्चों को बाहर भेज दिया। बेटे को होटल से खाना लाने और बेटी को दूध लेने के लिए। जब दोनों लौटे, तो घर में मातम का माहौल था। यह दर्दनाक घटना टूंडला क्षेत्र के गांव दिनौली की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
अलग रह रही थी महिला, पति से नहीं हुआ था तलाक जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम रंजना देवी (42) था। वह अपने 15 वर्षीय बेटे सनी और 13 वर्षीय बेटी रानी के साथ गांव में रहती थी। पति पवन कुमार कथावाचक हैं और पिछले डेढ़ साल से परिवार से अलग रह रहे थे। हालांकि दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ था। रंजना बच्चों के साथ अलग घर में रह रही थी और खेती करके ही परिवार का गुजारा चला रही थी। बताया जा रहा है कि दिवाली से एक दिन पहले ही रंजना ने अपने बेटे को उसकी पसंद की बाइक भी दिलाई थी।
घटना के वक्त घर में नहीं था कोई पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे की है। जब बेटा सनी होटल से खाना लेकर लौटा, तो उसने अपनी मां को पंखे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। सभी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या का कारण अब तक अज्ञात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार की ओर से भी अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रंजना की मौत के बाद दोनों बच्चे सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं। गांव में मातम का माहौल है।