कुशीनगर में जमीन के लिए बाप ने की बेटे की हत्या,
पहले मैगी में दिया जहर, फिर फांसी पर लटकाया
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं गांव में एक पिता ने जमीन के विवाद में अपने ही 15 वर्षीय बेटे की जान ले ली। मृतक का नाम तौफीक था और आरोपी उसका पिता मंसूर अंसारी है। जानकारी के अनुसार, मंसूर ने पहले तौफीक को मैगी में जहर मिलाकर खिलाया और फिर बेहोशी की हालत में उसे फांसी पर लटका दिया। घटना के वक्त तौफीक की बहनें पास ही थीं। छोटी बहन ने जब भाई को लटका देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद मंसूर उसे सीएचसी लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी मंसूर को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। मृतक की दादी मदीना खातून ने बताया कि मंसूर ने अब तक चार शादियां की हैं, जिनमें से दो पत्नियां मर चुकी हैं। फिलहाल वह अपनी एक पत्नी के साथ रहता है। उसके बेटे तौफीक को वह जमीन बेचने की बात पर अक्सर धमकाता था। पहले भी मंसूर दो बीघा खेत बेच चुका है। इस पर बेटे तौफीक का विरोध रहता था, जिससे दोनों में अकसर विवाद होता था।
बहन ने देखा भाई को फंदे पर झूलते
मृतक की बड़ी बहन फरीदा ने बताया कि वह फोन पर बात कर रही थी तभी छोटी बहन की चीख सुनाई दी। कमरे में जाकर देखा तो तौफीक फंदे से लटका था। शोर सुनकर मंसूर दौड़ता हुआ आया और बेटे को नीचे उतार कर खुद ही अस्पताल ले गया पर तब तक देर हो चुकी थी।
अस्पताल में बेटे को छोड़कर भागने की फिराक में था आरोपी
दरअसल, मंसूर का असली चेहरा तब सामने आया जब ग्रामीणों ने बताया कि वह अस्पताल में बेटे को छोड़कर भागना चाहता था। गांव के लड़कों ने उसे रोका और शव को घर लाए। पुलिस को भी सूचना दे दी गई। मृतक की छोटी बहन आफरीन ने बताया कि वह तकिया लेने भाई के कमरे में गई थी, जहां यह दृश्य देखा।
पिता ने नशे में की बेटे की हत्या
स्थानीय थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह के अनुसार, मंसूर शराब के नशे में था और पिता-पुत्र के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश का विषय बनी हुई है।