चंबल नदी में नहाते समय मगरमच्छ ने किया किशोर पर हमला,
बाल-बाल बची जान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: इटावा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां चंबल नदी में नहाने गए एक 13 वर्षीय किशोर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यह हादसा गुरुवार सुबह बढ़पुरा जरहोली निवासी किशोर प्रशांत के साथ हुआ। प्रशांत अपने दोस्तों और मामा के साथ ढकरा के नरिया गांव के पास नदी में नहा रहा था, तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया।
चंबल नदी में नहाते किशोर पर मगरमच्छ का हमला
सुबह लगभग 9 बजे प्रशांत अपने तीन-चार दोस्तों और मामा रामू के साथ चंबल नदी में नहाने गया था। लगभग 10 बजे, जब सभी बच्चे मस्ती में नहा रहे थे तभी पानी के अंदर से अचानक मगरमच्छ ने प्रशांत पर झपट्टा मारा। मगरमच्छ के हमले से प्रशांत के सीधे हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। वह जोर-जोर से चिल्लाया, जिसके बाद बाकी नहा रहे लोग तुरंत पानी से बाहर निकले और शोर मचाने लगे।
मगरमच्छ के हमले से बाल-बाल बचा किशोर
गनीमत रही कि मगरमच्छ पूरी तरह से उसे खींच नहीं पाया, जिससे प्रशांत ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को पानी से बाहर निकाल लिया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से प्रशांत को तुरंत उपचार के लिए उदी सीएचसी ले जाया गया। लेकिन चूंकि उसकी चोटें गंभीर थीं, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर श्याम मोहन ने बताया कि घायल किशोर को सीएचसी से लाया गया था और उसका इलाज किया गया। अब वह खतरे से बाहर है और ठीक होने पर उसे डिस्चार्ज भी कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने उठाई चंबल किनारे सुरक्षा की मांग
इस घटना से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन चंबल नदी के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे, ताकि आगे किसी और के साथ ऐसा हादसा न हो। प्रशांत की जान बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।