एटा में सगाई के 10 दिन बाद युवती की हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव,
रात में डेढ़ बजे तक मंगेतर से हुई थी बात
22 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: एटा जिले के सकरौली थाना क्षेत्र के बारा समसपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। 20 साल की काजल की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका खून से सना शव उसके ही घर के कमरे में बेड पर मिला। चेहरे पर भी चोट के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। कमरे की दीवारों पर खून के छींटे साफ नजर आ रहे थे। यह घटना उस समय हुई जब घर के अन्य सदस्य ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे।
सुबह-सुबह घर में मिली बेटी की लाश
पुलिस को सुबह सूचना दी गई जब पिता राजवीर सिंह बेटी को जगाने नीचे पहुंचे। बेटी की लाश देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाया, जिससे पूरा गांव एकत्र हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया।
सगाई के 10 दिन बाद हुई काजल की हत्या
काजल के पिता ने बताया कि 10 दिन पहले ही उसकी सगाई हाथरस जिले के एहन गांव में हुई थी। नवंबर में शादी तय थी। गुरुवार को रात 8 बजे वे पड़ोस में दावत खाकर लौटे थे। बेटी ने खाना खाया और नीचे वाले कमरे में सोने चली गई। राजवीर खुद 100 मीटर दूर अपने दूसरे मकान में सोने चले गए। वहीं बेटा जीतू और बहू ऊपर वाली मंजिल पर सो रहे थे।
युवती की हत्या में नुकीले हथियार से किया गया हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि काजल ने रात करीब डेढ़ बजे तक अपने मंगेतर से मोबाइल पर बातचीत की थी। सुबह चार बजे जब दरवाजा खोला गया, तो वह मृत मिली। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि युवती के गले पर नुकीले हथियार से 4-5 बार हमला किया गया था। खून बहुत अधिक बह चुका था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे से पेचकस का डिब्बा बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
काजल परिवार की सबसे छोटी संतान थी। उसने आठवीं तक पढ़ाई की थी। मां जसोदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई जीतू ग्वालियर से हाल ही में लौटा था। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन पुलिस ने कई सुराग मिलने का दावा किया है।