लॉक म्यूजियम से देश विदेश में पहुंचेगा अलीगढ़ के ताला उद्योग का नाम,
शासन से मिली मंजूरी, 27 करोड़ रुपए से होगा निर्माण
1 months ago
Written By: Ujjwal Somvanshi
ताला और तालीम की नगरी अलीगढ़ अब एक नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अथक प्रयासों से अलीगढ़ में अब भारत का सबसे बड़ा लॉक म्यूजियम बनने जा रहा है, इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। म्यूजियम की लागत तकरीबन 27 करोड़ होगी। इसको लेकर UP News ने अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा से बात किया।
अलीगढ़ के ताला उद्योग को मिलेगा नया जीवन: डीएम
अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन ने बताया कि, इस म्यूजियम से न केवल अलीगढ़ के ताला उद्योग को नया जीवन मिलेगा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी शहर का एक बड़ा नाम बनेगा। अलीगढ़ का वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट ( ODOP) भी यही ताला उद्योग ही है।
विकास की नई इबारत लिखेगा ताला उद्योग: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने इसे शहर के विकास की नई इबारत बताते हुए कहा कि अलीगढ़ का लॉक उद्योग वर्षों से देश-विदेश में अपनी गुणवत्ता और विशिष्टता के लिए जाना जाता है, और अब इसी उद्योग की शताब्दियों पुरानी यात्रा को आधुनिक स्वरूप में पेश करने का समय आ गया है।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से मिला नया आयाम
यह परियोजना मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत क्रियान्वित की जा रही है, जिसके लिए नगर विकास मंत्रालय ने कार्य योजना को स्वीकृति दे दी है। और जल्द ही डीपीआर यानि डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट अनुभवी कंसल्टेंट्स के माध्यम से तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। नगर आयुक्त मीणा ने बताया कि डिज़ाइन से लेकर निर्माण तक, हर चरण पर बेस्ट टू बेस्ट गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।
6 से 7 महीनों में शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार अगले 6 से 7 महीनों में लॉक म्यूजियम का निर्माण कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है। यह म्यूजियम सिर्फ दर्शनीय स्थल नहीं होगा, बल्कि पूरी तरह से सेल्फ-सस्टेनेबल यानी आत्मनिर्भर होगा, जिसमें फूड क्राफ्ट, बच्चों के खेलकूद और विजिटर्स के लिए इंटरैक्टिव सुविधाएं भी होंगी।
अलीगढ़ के ताले बनेंगे आकर्षण का केंद्र
इस म्यूजियम में 150 वर्षों से अधिक पुरानी अलीगढ़ के ताला निर्माण यात्रा को दिखाया जाएगा। हस्तनिर्मित तालों से लेकर आधुनिक तकनीक से बने हाई-टेक लॉक सिस्टम तक। डीएम संजीव रंजन के अनुसार, यह म्यूजियम न केवल अलीगढ़ के गौरव को संजोएगा, बल्कि आने वाले वर्षों में तकनीकी विशेषज्ञों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों के लिए एक ज्ञान और प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।
वैश्विक मंच पर अलीगढ़ का नाम होगा रोशन
डीएम संजीव रंजन बताया कि यह म्यूजियम भारत के ताला शहर के रूप में अलीगढ़ को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाएगा। यहां देश-विदेश से पर्यटक आएंगे, जिससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि उद्योग व रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
राजा महेंद्र प्रताप पार्क के निकट बन सकता है लॉक म्यूजियम
जवाहर भवन के सामने, राजा महेंद्र प्रताप पार्क के समीप यह भव्य संग्रहालय निर्मित होगा, जो न केवल म्यूजियम बल्कि अलीगढ़ के शहरी सौंदर्य का एक नया केंद्र भी बनेगा। अलीगढ़ का लॉक म्यूजियम डीएम संजीव रंजन और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की दूरदर्शी सोच का सशक्त परिणाम है, जो आने वाले समय में न केवल शहर को एक नई पहचान देगा, बल्कि विकास, उद्योग, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में अलीगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। यह परियोजना अलीगढ़ के भविष्य की वह कुंजी है, जो समृद्धि के नए ताले खोलने जा रही है।