ताजिया विवाद पर गरजे योगी, लातों के भूत बातों से नहीं मानते,
केसरिया पहन या अल्लाह बोलने वाले हैं समाज के छुपे दुश्मन
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोहर्रम के जुलूस, ताजिया की ऊंचाई, कांवड़ यात्रा और समाज में नफरत फैलाने वालों पर बेबाक टिप्पणी की। सीएम ने कहा कि ताजिए की ऊंचाई के कारण जौनपुर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई। जब ऐसे लोगों ने रास्ता जाम किया तो मैंने कहा – लाठी मारकर हटाओ, क्योंकि ये लातों के भूत हैं, बातों से नहीं मानेंगे।
ताजिया पेड़ और हाईटेंशन तार का मुद्दा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मोहर्रम का जुलूस हिंसा और उत्पात का कारण बनता था। बहन-बेटियां घरों से नहीं निकल पाती थीं। अब हमने नियम बनाया कि ताजिए की ऊंचाई सीमित हो, ताकि पेड़ न काटने पड़ें और तार न हटाने पड़ें। एक पेड़ 50 साल में बड़ा होता है, हम उसे नहीं काटने देंगे। जौनपुर की घटना पर उन्होंने अफसरों को फौरन वीडियो फुटेज निकालने का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि फुटेज में एक व्यक्ति केसरिया गमछा पहनकर आता है, आगजनी करता है और या अल्लाह चिल्लाता है। यह समाज के छुपे दुश्मन हैं, इन्हें समय रहते पहचानना होगा।
कांवड़ यात्रा पर मीडिया ट्रायल और फेक अकाउंट से नफरत
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में कोई जाति या वर्ग नहीं देखा जाता, फिर भी उसे बदनाम करने की कोशिश होती है। कुछ लोग कांवड़ियों को उपद्रवी और आतंकवादी तक कहने का दुस्साहस करते हैं। यही मानसिकता है, जो भारत की आस्था और विरासत का अपमान करती है। सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट बनाकर जातीय संघर्ष फैलाने की साजिश भी इसी सोच का हिस्सा है।
जौनपुर हादसे का ज़िक्र और चेतावनी
मुख्यमंत्री ने जौनपुर के सधनपुर गांव की घटना को याद करते हुए कहा कि तीन युवक ताजिया दफन करके लौट रहे थे तभी ताजिया तार की चपेट में आया और तीनों की मौत हो गई। इस पर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन किया था।
विकास कार्यों की समीक्षा और निर्देश
अपने दौरे में सीएम योगी ने सर्किट हाउस में विकास और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त नजर रखें। उन्होंने दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के बाद तत्काल कार्य शुरू करें। डीएम सत्येंद्र कुमार ने 15,000 करोड़ की लागत वाली 64 परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
सारनाथ और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान परिसर में बने सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज और संगीत पाथवे का निरीक्षण किया। साथ ही सलारपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी वितरित की।