सावन की प्रथम सुबह मुख्यमंत्री योगी ने किया रुद्राभिषेक,
मांगी प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
15 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
सावन माह के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर आध्यात्मिक उल्लास और वैदिक मंत्रों की दिव्यता से गूंज उठा। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातः काल पवित्र रुद्राभिषेक और हवन कर देवाधिदेव भगवान महादेव का पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
CM ने किया हवन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प सहित अनेक पूजन सामग्री अर्पित की। इसके पश्चात जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया गया। इस पावन अनुष्ठान को मठ के विद्वान आचार्य और पुरोहितगणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रों द्वारा संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया।
पूरे राज्य के लिये की प्रार्थना
पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न इस अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से पूरे उत्तर प्रदेश के नागरिकों के लिए आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की प्रार्थना की। सावन माह की इस आध्यात्मिक शुरुआत ने न केवल धार्मिक वातावरण को ऊर्जावान बनाया, बल्कि जनता के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आध्यात्मिक प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।