चंद्रशेखर आजाद ने आगरा पुलिस की कार्रवाई को बताया अन्यायपूर्ण,
कहा- जातीय अंहकार दिखाकर भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ की बदसलूकी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Chandrashekhar Azad: आगरा में भीम आर्मी और पुलिस के बीच हाल ही में हुई झड़प के बाद भीम आर्मी के चीफ और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आगरा पुलिस को घेरा है। रविवार को एक प्रबुद्ध सम्मेलन में उन्होंने बताया कि दो दिन पहले आगरा पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बदसलूकी की। एक पुलिस अधिकारी ने जातीय घमंड दिखाते हुए उनके साथ मारपीट की करवाई की। चंद्रशेखर आजाद ने साफ कहा कि वह इस मामले का हिसाब जरूर लेंगे और जब उनकी सरकार बनेगी तो वे जिम्मेदारों को आगरा लाकर जवाबदेह बनाएंगे।
2027 चुनाव की तैयारी का किया आह्वान
सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज 2012 से सत्ता से बाहर है, लेकिन 2027 के चुनाव करीब हैं इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आरक्षण खत्म करने की साजिश कर रही है और महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही। उन्होंने वादा किया कि उनकी सत्ता में समान शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और संविदा कर्मचारियों को पक्का करने का काम होगा।
शेड्यूल्ड कास्ट और बैकवर्ड वर्ग के लिए बड़ा संदेश
चंद्रशेखर ने शेड्यूल्ड कास्ट और बैकवर्ड वर्ग के सफाई कर्मचारियों से कहा कि वे इस काम को छोड़कर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, आईपीएस, आईएएस और सांसद बनें। उन्होंने आगरा से अपने गहरे जुड़ाव का भी ज़िक्र किया और बताया कि बाबा साहब अंबेडकर ने यहां बुद्ध विहार की स्थापना की थी, जो उनकी धरोहर है।
लखनऊ में आत्मसम्मान के लिए होगा बड़ा प्रदर्शन
प्रेसवार्ता में चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पुलिस ने भीम आर्मी कार्यकर्ता द्वारा बाबा साहब और भगवान बुद्ध के चित्र लगाने को लेकर झूठे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सच सामने लाना चाहिए और गलत आरोपों पर कार्रवाई करनी होगी। जल्द ही लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा ताकि आत्मसम्मान की लड़ाई मजबूत हो सके। वहीं बसपा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वे बसपा की रुकी हुई कोशिशों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सभी वर्गों और समुदायों को एक साथ लेकर चलने की बात कही ताकि समाज में भाईचारा और विकास हो सके। चंद्रशेखर आजाद का यह मंच बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का प्रयास है।