Chandauli News: बीजेपी नेता के भाई की गोली मारकर हत्या,
नशे में धुत आरोपी गिरफ्तार
21 days ago
Written By: STATE DESK
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्या के छोटे भाई संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दो नाली बंदूक भी बरामद की गई है। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
सुबह-सुबह दुकान पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि, मृतक संतोष सिंह की चकिया में परचून की दुकान थी। रोज़ाना की तरह वह सुबह दुकान पर मौजूद थे, जहां कुछ ग्रामीण और स्थानीय लोग बैठे बातचीत कर रहे थे। तभी नशे की हालत में प्रकाश जायसवाल वहां पहुंचा और दुकान पर बैठे लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी। संतोष सिंह ने विरोध किया और उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।
घर से बंदूक लाकर मारी गोली
विवाद के बाद प्रकाश जायसवाल गुस्से में अपने घर गया और वहां से दो नाली बंदूक लेकर लौटा। उसने मौके पर ही संतोष सिंह पर फायर कर दिया। गोली लगते ही संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत संयुक्त जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रकाश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो नाली बंदूक जब्त की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हथियार लाइसेंसी है या अवैध। साथ ही, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं में रोष
वहीं इस घटना की खबर आग की तरह पूरे चकिया इलाके में फैल गई। चूंकि मामला सत्ताधारी पार्टी के नेता के परिजन से जुड़ा है, इसलिए राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। चकिया से भाजपा विधायक, जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू में रखा है।