बुलंदशहर में एक लाख के इनामी डकैत विनोद गड़ेरिया को मुठभेड़ में किया ढेर,
दो पुलिसकर्मी घायल
1 months ago
Written By: Sandeep Shukla
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश STF ने शुक्रवार शाम को बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के दौरान एक लाख के इनामी डकैत विनोद गड़ेरिया को मार गिराया। यह मुठभेड़ STF नोएडा यूनिट और बदमाशों के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, STF ने जब विनोद को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने जवाब में पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें विनोद के पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
बड़ी वारदात से पहले ढेर हुआ इनामी डकैत विनोद गड़ेरिया
STF के अनुसार, विनोद गड़ेरिया किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। टीम को उसके मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची STF को देखते ही बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मौके से पुलिस को भारी मात्रा में कारतूस, असलहे और बाइक भी बरामद हुई है। बता दें कि बाकी फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
2024 में 6 से ज्यादा डकैती में वांछित था मृतक
डकैत विनोद शामली के कैराना इलाके के इसोपुर खुरगान गांव का निवासी था। वह मुजफ्फरनगर में 2024 में हुई डकैती की छह से अधिक वारदातों में वांछित था। ADG मेरठ जोन ने अप्रैल 2025 में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा उसके साथी अजयवीर पर 50,000 और अन्य 12 बदमाशों पर 25,000 के इनाम घोषित थे। दरअसल, विनोद 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उस पर डकैती, हत्या, लूटपाट समेत 40 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। 2012 में उसे डकैती के एक मामले में कोर्ट ने 7 साल की सजा भी सुनाई थी। फरवरी 2025 में एक मुठभेड़ में उसका साथी अजयवीर मारा गया था, लेकिन विनोद तब बच निकलने में कामयाब हो गया था।
मृतक की गैंग में थे 15 से ज्यादा डकैत
विनोद की गैंग में 15 से ज्यादा सदस्य थे जो सुनियोजित तरीके से डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये लोग दिन में रेकी करते थे और रात को जंगल के रास्ते वारदात को अंजाम देकर भाग जाते थे। गैंग मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता था जिससे पुलिस को ट्रेस करने में कठिनाई होती थी। फिलहाल पुलिस विनोद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज चुकी है और आगे की कार्रवाई कर रही है।