बुलंदशहर में किसानों ने जताई नाराजगी,
बिजली और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: बुलंदशहर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने एक बार फिर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। बड़ी संख्या में एकत्रित किसानों ने कहा कि उन्हें न तो सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल रही है और न ही आवारा पशुओं से फसलों की रक्षा हो पा रही है। इन दोनों समस्याओं के चलते किसान परेशान और आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
दो शिफ्ट में बंटी बिजली ने बढ़ाई किसानों की परेशानी
किसानों ने बताया कि पहले उन्हें सिंचाई के लिए रोज़ाना 10 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन अब यह घटाकर 7 घंटे कर दी गई है। यही नहीं ये सात घंटे भी दो शिफ्ट में बांटे गए हैं। हर शिफ्ट में सिर्फ साढ़े तीन घंटे ही बिजली दी जा रही है। किसानों के मुताबिक, इस समय पर फसलों की सिंचाई कर पाना बहुत मुश्किल हो गया है। ऊपर से क्षेत्र की बिजली लाइनें बहुत पुरानी हो चुकी हैं, जिससे बार-बार फॉल्ट आता है और बिजली गुल हो जाती है। कई बार पावर शटडाउन की वजह से पानी देना रुक जाता है, जिससे फसलें सूखने लगती हैं और नुकसान होता है।
आवारा पशुओं ने बढ़ाई किसानों की चिंता
बिजली की समस्या के अलावा आवारा पशुओं की समस्या भी बढ़ती जा रही है। किसानों ने बताया कि रात के समय खेतों में घूमते जानवर उनकी मेहनत से उगाई फसलों को खा जाते हैं या रौंद देते हैं। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें की हैं पहली, सिंचाई के लिए बिजली की आपूर्ति फिर से 10 घंटे की जाए। दूसरी, पुरानी और खराब बिजली लाइनों की मरम्मत जल्द से जल्द हो। तीसरी, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अगर उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।