मध्यप्रदेश में यूपी के भाजपा नेता से लूट, हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने की वारदात,
सोने की चेन छीनकर फरार
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले भाजपा नेता सुजीत सिंह को मध्यप्रदेश में उस समय लूट का शिकार होना पड़ा, जब वे अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर थे। घटना नागपुर-प्रयागराज हाईवे पर तब हुई जब वह मैहर में दर्शन के बाद उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। खितौला थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे उन्होंने अपनी कार रोकी, तभी 4 से 5 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने तलवार और रॉड से लैस होकर सुजीत सिंह की सोने की चेन जिसमें हीरे का लॉकेट लगा था लूट ली और मौके से फरार हो गए।
भाजपा नेता पर हाईवे पर हमला
सुजीत सिंह अपनी पत्नी, बेटे, एक साथी और ड्राइवर के साथ यूपी नंबर की गाड़ी (UP 67 AF 7000) में यात्रा कर रहे थे। हमले के दौरान परिवार को संभलने का भी मौका नहीं मिला। ड्राइवर ने जैसे-तैसे गाड़ी का हूटर बजाया, जिससे बदमाश घबरा गए और भाग निकले। घटना के बाद भाजपा नेता सबसे पहले गोसलपुर थाना पहुंचे, जहां से उन्हें खितौला थाने भेजा गया। वहीं एफआईआर दर्ज की गई। घटना को लेकर भाजपा नेता सुजीत सिंह ने जबलपुर पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर यह घटना उत्तर प्रदेश में होती तो अब तक आरोपी गिरफ्तार हो चुके होते। उन्होंने बताया कि वह खितौला थाने में घंटों बैठे रहे, लेकिन थाना प्रभारी ने मौके पर जाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए लगाई टीम
इस घटना के बाद एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्राथमिक उपचार के लिए घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस इलाके में इस तरह की लूटपाट की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
एक ही रात कई स्थानों पर हुई लूट की वारदातें
गौरतलब है कि उसी रात अन्य स्थानों पर भी लूट की कई वारदातें हुईं। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में तीन लोगों से लाखों की लूट हुई, वहीं पन्ना, प्रयागराज, मंडला और नागपुर के यात्रियों से भी बदमाशों ने कई क़ीमती सामान लूटे हैं। ये घटनाएं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।