गोंडा में बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी से निष्कासित,
महिला कार्यकत्री संग वायरल हुआ था वीडियो
1 months ago
Written By: STATE DESK
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गोंडा जिले के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप के विरुद्ध कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय उनके एक आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने के बाद लिया गया, जिसमें वह एक महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में नजर आ रहे थे। मामला सामने आने के बाद पार्टी की तरफ से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
पार्टी ने की कार्रवाई
भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल द्वारा जारी किए गए पत्र में साफ तौर पर कहा गया कि अमर किशोर कश्यप का आचरण पार्टी की गरिमा व अनुशासन के विरुद्ध है। इसी आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देश पर उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया।
क्या था वायरल विडियो
बताते चलें कि, वायरल वीडियो में अमर किशोर कश्यप एक महिला को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और पार्टी पर दबाव बढ़ने लगा कि वह इस मामले में कड़ा रुख आपनाया गया।
क्या बोली महिला कार्यकर्ता
वहीं मामले पर सफाई देते हुए उस महिला ने बताया था कि, उसकी तबीयत खराब हो गई थी और उसने स्वयं अमर किशोर को मदद के लिए रेलवे स्टेशन बुलाया था। महिला के मुताबिक, चक्कर आने के कारण जब वह गिरने लगी तो अमर किशोर ने उसे सहारा दिया। महिला ने आगे कहा कि अमर किशोर से पारिवारिक संबंध हैं और वह उन्हें पिता समान मानती हैं। उन्होंने इस घटना को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि वह पुलिस और महिला आयोग से न्याय की मांग करेंगी।
पार्टी ने साफ़ किया रुख
भाजपा ने इस मामले में साफ कर दिया कि पार्टी अनुशासनहीनता या छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगी। अमर किशोर को पहले ही नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब अस्वीकार्य माना गया।