बरेली में शादी का जश्न बना मैदान-ए-जंग, डीजे पर उड़ाए नोट, फिर फायरिंग और मारपीट,
दुल्हन ने किया शादी से इनकार
16 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र स्थित धुनगला गांव में एक शादी समारोह बुधवार को उस समय बवाल में बदल गया जब डीजे पर डांस के दौरान दूल्हे के रिश्तेदारों ने बदसलूकी शुरू कर दी। डांस करते समय दूल्हे के बहनोई द्वारा नोट उड़ाए जाने से विवाद इतना बढ़ा कि मामला गाली-गलौज, मारपीट और फिर हवाई फायरिंग तक पहुंच गया। बारात में आई दुल्हन पक्ष की महिलाओं और परिजनों के साथ मारपीट हुई और दहशत में आकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। यह पूरी घटना देर रात से लेकर बुधवार दोपहर तक चलती रही।
शादी के बीच नोट उड़ाने से बिगड़ा माहौल
गांव निवासी पूरनलाल की बेटी नीलम की शादी बीसलपुर के सत्यवीर से तय थी। आठ जुलाई को बारात धूमधाम से पहुंची और डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान दूल्हे का बहनोई ज्ञानी स्टेज पर पहुंचा और युवतियों पर नोट उड़ाने लगा। इससे माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ देर बाद ज्ञानी अपने साथ दर्जनभर लोगों को लेकर लौटा और लड़की के परिवार वालों से मारपीट की। बता दें कि आरोपी ने नीलम की मां सोमवती और भाइयों के साथ मारपीट की और फिर हवाई फायरिंग की जिससे शादी का माहौल दहशत में बदल गया। बारातियों और घरातियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने दूल्हे, उसके रिश्तेदारों और कुछ बारातियों को बंधक बना लिया और शादी की रस्म रोक दी।
आरोपी ने सुबह फिर किया हमला
बुधवार सुबह किसी तरह माहौल शांत हुआ और शादी की रस्में दोबारा शुरू की गईं, लेकिन तभी आरोपी ज्ञानी फिर से पहुंचा और अपने साथियों के साथ जमकर उत्पात मचाया। दुल्हन की मां और दो भाइयों सहित कुल पांच लोग घायल हुए और उन्हें नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके बाद दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन ने पुलिस के सामने साफ कहा कि अब मैं उनके घर शादी नहीं करूंगी। जिन्होंने मेरी मां और भाइयों को मारा, शादी के बाद और क्या करेंगे। उसने बताया कि कन्यादान की रस्म चल रही थी तभी आठ-दस गुंडे आए और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस एक गिरफ्तार
दुल्हन के भाई प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे के बहनोई ज्ञानी और 8–9 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूल्हे के पिता पूरनलाल को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।