बरेली में फर्जी फौजी ने लड़की से की शादी,
फिर दहेज के लिए किया अपहरण और मारपीट
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: बरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को फौजी बताकर लड़की से शादी की और फिर उसके साथ ऐसा धोखा किया जिसने उसकी पूरी जिंदगी को बर्बादी में बदल दिया। यह कहानी है इज्जतनगर निवासी नीतू की, जिसने विश्वास करके शादी की, लेकिन उसे न तो सम्मान मिला, न ही सुरक्षा। उल्टा उसे मारपीट, दहेज उत्पीड़न और अपहरण जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा।
फर्जी फौजी बनकर की शादी
नीतू ने बताया कि उसकी शादी 15 फरवरी 2023 को फरीदपुर निवासी अरविंद यादव से हुई थी। शादी से पहले अरविंद ने खुद को आर्मी में तैनात बताया और वर्दी में फोटो भी दिखाया। इस भरोसे पर नीतू के घरवालों ने रिश्ता पक्का कर दिया। शादी के तुरंत बाद अरविंद आर्मी की वर्दी पहनकर घर से निकला और बोला कि वह जम्मू में ड्यूटी पर जा रहा है। लेकिन 15 दिन बाद लौटने के बाद वह कभी ड्यूटी पर नहीं गया। जब नीतू ने सवाल उठाए तो पहले टालमटोल करता रहा और बाद में कबूल कर लिया कि वह आर्मी में नहीं है।
मायके से दहेज लाने का बना रहा था दबाव
बता दें कि इस सच्चाई के सामने आने के बाद अरविंद ने नीतू को पीटना शुरू कर दिया। उससे मायके से पैसे और दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था। खाना तक नहीं दिया जाता और जबरन घर का सारा काम करवाया जाता। नीतू ने बताया कि जब वह सात महीने की गर्भवती थी, तब भी उसे घर से निकाल दिया गया। दो महीने बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन ससुराल से कोई हाल तक पूछने नहीं आया।
स्कूटी सर्विस कराने गई महिला का कर लिया गया अपहरण
नीतू ने जब पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की रिपोर्ट फरीदपुर थाने में दर्ज कराई, तो अरविंद केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा। एक जून को जब नीतू स्कूटी की सर्विस कराने गई, तो अरविंद ने भाजपा नेता प्रदीप यादव और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। उसे जबरन कार में डालकर रेलवे ट्रैक के पास बने एक मकान में ले जाया गया। वहां पांच घंटे तक बंधक बनाकर धमकाया गया कि समझौता कर लो, वरना बर्बाद कर देंगे। जब मकान मालकिन पहुंची, तो आरोपी भाग निकले। इसके बाद भी प्रदीप यादव ने फोन पर नीतू को गालियां दीं और धमकी दी।
पुलिस ने अपहरण और दहेज उत्पीड़न का दर्ज किया केस
फिलहाल पुलिस ने अरविंद यादव, भाजपा नेता प्रदीप यादव और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सीओ फरीदपुर संदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच जारी है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।